
जोधपुर। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एरिया कमाण्डर मसूर अहमद के नाम से फिरोजपुर (पंजाब) मण्डल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को भेजे गए धमकी भरे पत्र में पंजाब और राजस्थान के कई रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थान व मिलिट्री केंट को उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
पंजाब पुलिस की सूचना के बाद पुलिस महानिरीक्षक (सुरक्षा) आलोक वशिष्ठ ने राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर अलर्ट किया है। साथ ही रेलवे स्टेशन व धार्मिक स्थान के अलावा मिलिट्री केंट पर भी सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी राजकीय रेलवे पुलिस व आरपीएफ के अधिकारी-जवानों ने सघन तलाशी ली।
पत्र में जयपुर, रेवाड़ी, बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन, मिलिट्री केंट, बस स्टैण्ड और राज्य के प्रमुख मंदिरों को उड़ाने की धमकी दी गई है। जबकि पंजाब के फिरोजपुर, फरीदकोट, बरनाला, अमृतसर व जालंधर रेलवे स्टेशन को 13 मई को उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा अमृतसर का स्वर्ण मंदिर, दुर्जियाना मंदिर, जालंधर का देवी तालाब मंदिर, फगवाड़ा का हनुमान मंदिर व पक्का रावण, फिरोजपुर के मुख्य मंदिर व गुरुद्वारे के साथ ही बटिण्डा के दमदमा साहिब गुरुद्वारे को 16 मई को उड़ाने की धमकी दी गई है।
रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ाई, जांच व तलाशी शुरू धमकी भरा पत्र मिलने के बाद राज्य पुलिस अलर्ट पर है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) ममता बिश्नोई के निर्देश पर जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारी-जवानों ने बुधवार रात रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लगेज के साथ ही प्लेटफॉर्म व ट्रेनों की सघन जांच की गई। फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के मिलने की जानकारी नहीं है।