जोधपुर

मतदान करने जाइए, मॉडल बूथ पर सैल्फी भी लीजिए

जोधपुर नगर निगम के चुनाव के दौरान जिला प्रशासन कुछ इलाकों में मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित करेगा। इन मतदान केंद्रों पर स्वागत द्वार के साथ कई सुविधाएं तो होंगी ही, साथ ही युवाओं को आकर्षित करने के लिए इन मॉडल बूथ्स पर सैल्फी पोइंट भी बनाए जाएंगे।
2 min read
Oct 27, 2020
मॉडल पोलिंग बूथ
मॉडल पोलिंग बूथ का फाइल फोटो

जोधपुर। नगर निगम चुनाव के दौरान जिला प्रशासन 11 मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित करेगा। इनमें से पांच मॉडल बूथ नगर निगम उत्तर व 6 बूथ नगर निगम उत्तर में स्थापित किए जाएंगे।

जिला कलक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह के अनुसार निगम उत्तर के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरसागर, माहेश्वरी स्कूल, राजमहल स्कूल, शिव पब्लिक स्कूल मगरा पूंजला तथा जैन स्कूल, महामंदिर को आदर्श बूथ बनाया गया हैं। निगम दक्षिण के लिए नवीन शिशु स्कूल मसूरिया, मौलाना आजाद स्कूल, सरदार चिल्ड्रन स्कूल, केवी नंबर- 1 एयर फोर्स, सेंट पैट्रिक स्कूल और नीरजा मोदी स्कूल को मॉडल बूथ के रूप में चिह्नित किया गया है।

होगी सोशल डिस्टेंसिंग मार्किंग

मॉडल बूथ पर मतदाता सहायता केंद्र, प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे साथ ही छाया पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा मॉडल बूथ पर कोरोना संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के लिए मार्क लगाए जाएंगे। बुजुर्गों को मतदान केंद्र तक लाने के लिए व्हीलचेयर की सुविधा होगी, साथ ही मतदान केंद्र में प्रवेश के लिए आकर्षक स्वागत द्वार भी बनाया जाएगा। बूथ पर मतदाताओं के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

चुनाव की तैयारियां पूरी

नगर निकाय चुनाव की समस्त आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए नगर निगम ने सभी मतदान केंद्रों पर सैनिटाइजेशन और फॅागिंग का कार्य पूरा कर लिया है। निगम उत्तर के लिए 29 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए सभी बूथ पर सफाई, पेयजल, बिजली, छाया, रैंप, शौचालय सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है। जहां शौचालय की सुविधा नहीं है, वहां मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं।

प्रत्येक बूथ पर दो निगम कर्मी

जिला कलेक्टर ने बताया कि मतदाताओ की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर निगम के 2 कर्मचारी लगाए गए हैं। ये कार्मिक मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं के हाथों को सेनेटाइज करने और मास्क नहीं होने पर उन्हें मास्क उपलब्ध करवाने का काम करेंगे।

Published on:
27 Oct 2020 09:35 pm