
जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने रविवार को पाल बाइपास पर एक वांटेड युवक को गिरफ्तार कर सात देसी पिस्तौल व 12 जिंदा कारतूस और आठ मैग्जीन जब्त की। आरोपी लूट, डकैती, फायरिंग व मादक पदार्थों की तस्करी के ७ मामलों में वांछित था।
चौहाबो थानाधिकारी परमेश्वरी के अनुसार कुछ माह पूर्व हथियार के साथ पकड़ में आने वाले भानू प्रतापदेवासी ने सुभाष गोदारा से हथियार लाने की जानकारी दी थी। तब से उसकी तलाश की जा रही थी। उसके रविवार दोपहर पाल बाइपास पर हथियार बेचने की फिराक में होने का पता लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने हथियार निकाला और हवा में लहराकर भागने लगा।
डीएसटी के हेड कांस्टेबल जमशेद खान, स्वरूपसिंह, कांस्टेबल अविनाश व भंवरलाल ने पीछा कर घेराबंदी की और लूणावास खारा में विष्णु की ढाणी निवासी सुभाष गोदारा (२५) पुत्र जुगताराम बिश्नोई को लोडेड पिस्तौल के साथ पकड़ लिया। उससे कुल सात देसी पिस्तौल, बारह जिन्दा कारतूस व आठ मैग्जीन जब्त किए गए। आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
तस्करी के लिए फायरिंग कर लूटता कारें
आरोपी सुभाष गोदारा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त है। वह तस्करी के लिए राष्ट्रीय मार्गों पर फायरिंग करके लग्जरी कारें लूटने और फिर उनमें चित्तौडग़ढ़, मध्यप्रदेश और झारखण्ड से मादक पदार्थों की तस्करी करता है।
इन थानों की पुलिस को थी तलाश...
- जनवरी 2019 : मादक पदार्थों की तस्करी व राजकार्य में बाधा डालने में झंवर थाने का वांछित।
- सितम्बर 2019 : आम्र्स एक्ट के दो मामलों में चौहाबो थाने का वांछित।
- अक्टूबर 2019 : फायरिंग कर लूटपाट के मामले में बाड़मेर के सिवाना थाने का वांछित।
- नवम्बर 2019 : डकैती व फायरिंग कर जानलेवा हमले के मामले में जालोर के कोतवाली थाने का वांछित।
- दिसम्बर 2019 : मादक पदार्थों की तस्करी, जानलेवा हमला व राजकार्य में बाधा डालने व गोली चलाने के मामले में पाली के सदर थाने का वांछित।
- फरवरी 2020 : अपहरण कर एक युवक के पांव में गोली मारने के मामले में प्रतापनगर थाने का वांछित।
तीस दिन में 63 हथियार,70 कारतूस जब्त
- 9 फरवरी : कमिश्नरेट के पश्चिमी जिले की पुलिस ने 11 पिस्तौल व आठ कारतूस जब्त कर आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।
- 14 फरवरी : कमिश्नरेट के पूर्वी जिला पुलिस ने 18 हथियार व 21 जिंदा कारतूस जब्त कर आठ जनों को गिरफ्तार किया था। मंडोर थाना पुलिस ने एक अन्य युवक से एक पिस्तौल जब्त की थी।
- 29 फरवरी : सरदारपुरा व देवनगर थाना पुलिस ने नौ हथियार व सात जिंदा कारतूस जब्त कर छह जनों को गिरफ्तार किया था।
- 2मार्च : सरदारपुरा थाना पुलिस ने दस पिस्तौल, पांच मैग्जीन व 6 जिन्दा कारतूस जब्त किए कर दो युवकों को गिरफ्तार किया।
- 8 मार्च : चौहाबो थाना पुलिस ने सात देसी कट्टे, 12 जिन्दा कारतूस व 8 मैग्जीन जब्त कर एक आरोपी पकड़ा।
- 8 मार्च : डांगियावास थाना पुलिस ने दो हथियार, सात जिन्दा कारतूस जब्त कर दो युवकों को पकड़ा।