जोधपुर

सत्तर लाख की सिगरेट व चार लाख रुपए चोरी

- नकाबपोश ट्रक भरकर ले गए सिगरेट के कार्टन
less than 1 minute read
Jun 29, 2021
सत्तर लाख की सिगरेट व चार लाख रुपए चोरी
सत्तर लाख की सिगरेट व चार लाख रुपए चोरी

जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत पाल रोड पर भादू मार्केट के पास श्रीजी नगर स्थित एक गोदाम का शटर तोड़कर चोरों ने रविवार रात चार लाख रुपए नगदी व 65-70 लाख रुपए की सिगरेट के कार्टन चुरा लिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पावटा लक्ष्मी नगर निवासी ऋषभराज पुत्र पारसराज जैन के गोदाम में विभिन्न कम्पनियों की खाद्य सामग्री के साथ-साथ कीमती सिगरेट के कार्टन भरे हुए थे। रविवार रात करीब एक-डेढ़ बजे चोरों ने गोदाम में धावा बोला। भारी भरकम शटर को लोहे के लगिए से तोडकर चोर अंदर दाखिल हुए। चोरों की गैंग मिनी ट्रक गोदाम के अंदर घुसा ली और चुन-चुनकर कीमती सिगरेट के 70-80 कार्टन चुरा लिए। चोरों ने गल्ला तोड़कर उसमें रखे चार लाख रुपए भी चुरा लिए। गोदाम में और भी कीमती सामान भरा था, लेकिन चोरों ने सिर्फ सिगरेट के कार्टन ही चुराए।
सुबह होने पर आस-पास के लोगों ने शटर मुड़ा व टूटा देख गोदाम मालिक व पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) नीरज शर्मा व थानाधिकारी लिखमाराम ने मौका मुआयना किया। अलग-अलग टीमें गठित कर चोरों की तलाश शुरू की गई है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले गोदाम में आग लग गई थी। गत वर्ष फरवरी में भी गोदाम में चोरी का प्रयास किया गया था।

नकाब पहने हुए थे सभी चोर
गोदाम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वहीं, बाहर आस-पास भी कैमरे लगे हुए हैं। चोरों ने सफेद कपड़े के नकाब पहने रखे थे। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।

Published on:
29 Jun 2021 01:26 am