
राजेन्द्र सिंह देणोक
जोधपुर. भारत की धरोहर योग और अध्यात्म अब दुनिया की चाहत बन गया है। इसका उदाहरण है दुनिया की योग के प्रति दीवानगी। जोधपुर में अगले माह हो रहे जी-20 (G20) सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधि जोधपुर की धरती पर योग और प्रार्थना से अपने दिन की शुरुआत करेंगे। इसके लिए उन्होंने ठहरने वाले स्थानों पर योग और प्रार्थना के लिए कक्ष उपलब्ध कराने की मांग रखी है। मेहमानों की मांग के अनुरूप होटलों में योग और प्रार्थना कक्ष बनाने की तैयारियां की जा रही है। शहर के तीन प्रमुख होटलों में उनका ठहरना प्रस्तावित है।
जोधपुर की विरासत से होंगे रूबरू
विभिन्न देशों से आने वाले मेहमान जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे। वे शहर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे। रास्ते में वे खरीददारी भी करेंगे। प्रतिनिधि जहां-जहां घूमने जाएंगे, उन रास्तों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखाने के लिए रास्तों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। खरीदारी के लिए भी ऐसी दुकानें सजेंगी जो उनकी जरूरत के उत्पाद उपलब्ध करा सकें।
एयरपोर्ट पर लगेंगे सभी देशों के झंडे
जी-20 सम्मेलन में शामिल होने वाले देशों के झंडे हमारे एयरपोर्ट पर लगाए जाएंगे। एयरपोर्ट पर शांति और अहिंसा का संदेश देती राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा भी लगाई जाएगी। जोधपुर के खास उत्पादों की प्रदर्शनी से मेहमानों का स्वागत किया जाएगा।
ये भी तैयारी
-सुरक्षा कारणों को लेकर कुछ जगह सीसीटीवी लगाने की तैयारी।
-नेटवर्क कनेक्टिविटी के लिए कुछ स्थानों पर मोबाइल टावर लगाए जाएंगे।-प्रतिनिधियों के भ्रमण के लिए विशेष वाहनों का प्रबंध होगा।
-यातायात पुलिस की घुमटियाें की तस्वीर बदलेगी।