जोधपुर

दुकानदारों ने ग्राहकों से बनाया ‘Social Distance’, दुकानों के आगे तय दूरी पर बनाए सफेद गोले

कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए अब दुकानदार भी आगे आने लगे हैं। ग्राहकों से 'सोशल डिस्टेंस' यानि तय दूरी बनाए रखने के लिए दुकानों के आगे सफेद गोले बनाने शुरू कर दिए। जालोरी गेट व कुछ अन्य जगहों पर बुधवार को कई दुकानों के आगे ग्राहक इन गोलों में खड़े नजर आए।
2 min read
shopkeepers are maintaining Social Distance due to coronavirus
दुकानदारों ने ग्राहकों से बनाया 'Social Distance', दुकानों के आगे तय दूरी पर बनाए सफेद गोले

जोधपुर. कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए अब दुकानदार भी आगे आने लगे हैं। ग्राहकों से 'सोशल डिस्टेंस' यानि तय दूरी बनाए रखने के लिए दुकानों के आगे सफेद गोले बनाने शुरू कर दिए। जालोरी गेट व कुछ अन्य जगहों पर बुधवार को कई दुकानों के आगे ग्राहक इन गोलों में खड़े नजर आए। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि वायरस फैलने से रोकने के लिए आमजन को एक-दूसरे से एक मीटर की दूरी (सोशल डिस्टेंस) बनाए रखना आवश्यक है।

वहीं, आमजन को एक-दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाना है। लॉक डाउन में सरकार ने कुछ आवश्यक वस्तु वाली दुकानों को ही खुली रहने की छूट दी है। कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आने लग गई थी। सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के उद्देश्य से जालोरी गेट, घंटाघर और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में दुकानों के आगे सफेद गोले बना दिए गए हैं। जो तय दूरी पर हैं। सामान या दवाई देने तक ग्राहकों को इन गोलों में खड़ा रखा जा रहा है। पुलिस ने दुकानदारों की इस पहल का स्वागत किया है।

विधायक ने कहा बढ़ रही किराणा सामान की कालाबजारी
सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास ने कहा कि सम्पूर्ण भारत देश वैश्विक महामारी के कारण लॉकडाउन में है। यह बीमारी संक्रमण से फ़ैलती व अभी तक इसके इलाज के लिए विशेषज्ञों द्वारा शोध किया जा रहा है। इसलिए ऐसे समय में घर पर रहना ही बचाव है। परन्तु ऐसे समय में आमजन तक खाद्य सामग्री की आपूर्ति करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर किराणा सामग्री के भाव बढ़ गए हैं। जो वस्तु लोक डाउन से पूर्व 25 रुपए में बिक रही थी वह वर्तमान में 60 रुपए में बिक रही है। ऐसा भी सामने आया है कि प्रशासन द्वारा रिटेल किराणा दुकानदारों के मंडी से खाद्य सामग्री खरीद करने के लिए वाहन परमिट जारी करने के लिए भी स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। ऐसे में दुकानदार एक से दूसरे विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।

Published on:
26 Mar 2020 11:20 am