
जोधपुर. त्याग, बलिदान व भाईचारे का त्योहार ईदुल अज्हा (बकरीद) 1अगस्त को मनाया जाएगा। इस बार 21 जुलाई को चांद नजर नहीं आने और किसी भी जगह से चांद दिखाई देने की शहादत न मिलने पर मौलाना मुफ्ती शेर मोहम्मद खान रिजवी और शहर खतीब व चांद कमेटी के अध्यक्ष काजी मोहम्मद तय्यब अंसारी की टेलीफोन वार्तानुसार सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूरे जोधपुर संभाग में ईदुल अज्हा (बकरीद) 1 अगस्त को मनाई जाएगी।
चांद कमेटी अध्यक्ष काजी मोहम्मद तय्यब और मुफ्ती ए आजम शेर मोहम्मद खान रिजवी की ओर से जारी संयुक्त बयान में आमजन से यह अपील की गई है कि ईदुल अज्हा के मौके पर सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक़ ईद की नमाज अपने घरों में ही अदा करें। अपने घर, गली और मोहल्ले में सफाई का पूरा ध्यान रखें ऐसा कोई काम न करें जिससे दूसरों को किसी तरह की परेशानी या तकलीफ हो। पवित्र त्यौहार को आपसी भाईचारे की मिसाल कायम रखते हुए मनाएं।