जोधपुर

जोधपुर में पेयजलापूर्ति के लिए अब गांवों को रहना पड़ेगा प्यासा, पानी के लिए कहीं मच न जाए मारामारी

जलदाय विभाग की कोई जुगत नहीं आ रही काम  
2 min read
irregular water supply in jodhpur
contaminated water supply in jodhpur, jodhpur news, jodhpur news in hindi, Jodhpur water supply, phed jodhpur, no water supply in villages, water supply news

संदीप हुड्डा/जोधपुर. भीषण गर्मी में शहर के बाशिंदों का गला तर करने के लिए जलदाय विभाग के जतन काम आते नहीं दिख रहे हैं। अब तक की कवायद को देखते हुए तो लग रहा है कि पानी के जुगाड़ के लिए विभाग के अफसर हाथ-पांव ही मारते दिख रहे हैं। शहर के मुख्य जलस्रोत तखत सागर को भरने के लिए पहले तो 28-29 मई को जोधपुर शहर में शटडाउन लिया गया। विभाग की यह जुगत भी काम नहीं आई। अब अफसरों ने जिले गांवों के हिस्से का पानी कम कर तखत सागर भरने का फंडा अपनाने का निर्णय किया है। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में प्रति सप्ताह एक दिन का शटडाउन लेने का निर्णय किया है।

भीषण गर्मी का कहर, ऊपर से एक माह से अधिक समय से गड़बड़ा रही जलापूर्ति ने शहर के लाखों लोगों को पानी के लिए तरसा दिया है। इंदिरा गांधी नहर में क्लोजर से शुरू मुसीबत अब तक बरकरार है। कभी मैंटिनेंस तो भी जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ाने के नाम पर शटडाउन लिए गए। इसके बाद भी न जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ा, न जलापूर्ति सुधरी। जलदाय विभाग के अभियंताओं का एक भी उपाय सिरे नहीं चढ़ा। अधिकांश इलाकों में 48 घंटे में एक बार जलापूर्ति की जा रही है। इसमें भी कई बार अड़ंगा लग जाता है।

अब टेल एंड का बहाना

सारी जुगत फैल होते देख जलदाय विभाग के अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल के 'टैल एंड' पर होने के कारण जोधपुर तक पूरा पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मदासर में इंदिरा गांधी नहर से अब पूरा पानी कैनाल में छोड़ा जाने लगा है, लेकिन बीच में कई गांवों में पानी की वहां खपत ज्यादा हो रही है। इस वजह से अब गांवों में सप्ताह में एक दिन शटडाउन का फैसला किया है।

शहर में शटडाउन के बाद भी नहीं हुआ सुधार


विभाग ने शहर में 28-29 मई को शटडाउन लिया था। अभियंताओं का कहना था कि इससे प्रमुख जलस्रोत कायलाना और तखत सागर का जलस्तर ऊपर उठेगा, लेकिन यह उपाय भी कारगर नहीं रहा। तखत सागर का स्तर महज 4 एमसीएफटी बढ़ा है। इसमें बुधवार शाम 39.30 व कायलाना का 48.15 एमसीएफटी पानी था।

गांवों में नहीं होगी समस्या


अभियंताओं का कहना है कि गांवों में हर दिन जलापूर्ति होती है और सप्ताह में एक दिन के शटडाउन में कोई समस्या नहीं होगी। इससे जोधपुर के जलस्रोत तखत सागर व कायलाना तक पूरा पानी पहुंच जाएगा।

शहर से टला नहीं है शटडाउन का 'खतरा'


अधिकारियों की मानें तो उनका प्रयास है कि अब शहर में फिर शटडाउन नहीं लेना पड़े, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि अब अगले 15 दिन तक शहर में शटडाउन नहीं लिया जाएगा। लेकिन इस बीच स्थिति नहीं सुधरी तो कुछ कहा नहीं जा सकता है।

इनका कहना है

उच्चाधिकारियों के स्तर पर अब गांवों में सप्ताह में एक दिन का शटडाउन लेने का फैसला हुआ है। इससे शहर के जल स्रोतों की हालत सुधरेगी। हमारा प्रयास है कि अब शहर में शटडाउन नहीं लेना पड़े।


दिनेश पेड़ीवाल, अधिशाषी अभियंता, जलदाय विभाग

Published on:
31 May 2018 09:15 am