
जोधपुर. पुलिस कमिश्नरेट की विशेष टीम व खनिज विभाग ने बजरी माफिया के खिलाफ गुरुवार को पांच जगह कार्रवाई कर बजरी का दो हजार टन स्टॉक, बजरी से भरे छह ट्रैक्टर ट्रॉली, दो डम्पर व एक जेसीबी जब्त की।
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ हेमंत जाखड़ के अनुसार अपराह्न तीन बजे प्रतापनगर से सूरसागर रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने आखली पर जांच की गई तो बजरी का भारी स्टॉक मिला। जो दुर्गाराम गुर्जर का था। मौके पर बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई। जिनमें पांच-पांच टन बजरी भरी थी।
इसी प्रकार, शाम पांच बजे सूरसागर में रिडिया फांटा पर मेवाड़ा वाइंस के पीछे चार दीवारी में जांच करने पर भारी मात्रा में बजरी मिली। वहां से 114 टन बजरी का स्टॉक जब्त किया गया। मौके से बजरी भरने में प्रयुक्त होने वाली बिना नम्बर की जेसीबी भी जब्त की गई।
वहीं, शाम साढ़े सात बजे डांगियावास बाइपास पर महादेवजी का धूणा के पास ढाणी में जांच की गई, जहां से 1750 टन बजरी का स्टॉक जब्त किया गया। उचियारड़ा में बिश्नोइयों की ढाणी निवासी विक्रम बिश्नोई ने नागौर के खनिज अभियंता के अधीन वाले ई-रवन्ना पेश किए। जिन्हें जांच में रखा गया है। मौके से बजरी परिवहन में प्रयुक्त होने वाले दो डम्पर भी जब्त किए गए। इसी प्रकार कायलाना चौराहे के पास तीन टन बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई। प्रतापनगर में टैम्पो स्टैण्ड के सामने से तीन-तीन टन बजरी से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई।