जोधपुर

अंडमान-निकोबार में छिपा हुआ था 25000 रुपए का इनामी तस्कर, बीमार पड़ने पर राजस्थान लौटा तो ANTF ने दबोचा

राजस्थान एएनटीएफ ने 5 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर हड़मानराम उर्फ हनुमानराम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अंडमान-निकोबार में छिपा था।
2 min read
Jul 17, 2026
ANTF Arrested
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर

ANTF Arrested Smuggler Hardamanram: राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर हड़मानराम उर्फ हनुमानराम विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से चिड़ी मोटाई, थाना चाखू, जिला फलोदी का रहने वाला है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि उसने फलोदी से हनुमानगढ़ तक मादक पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क खड़ा कर रखा था।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकासकुमार ने बताया कि साल 2021 में हनुमानगढ़ में पकड़े गए मादक पदार्थ तस्करों से पूछताछ के दौरान हड़मानराम का नाम सामने आया था। इसके बाद वह फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अंडमान-निकोबार जाकर छिप गया। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा।

बीमारी बनी गिरफ्तारी की वजह

पुलिस के मुताबिक लंबे समय तक अंडमान में छिपने के दौरान आरोपी बीमार पड़ गया। इलाज कराने के लिए वह चुपचाप अपने जोधपुर स्थित गांव लौट आया और ये सोचकर घर पर रहने लगा कि किसी को उसकी भनक नहीं लगेगी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसकी मौजूदगी की सूचना ANTF को दे दी। टीम ने रात में उसके घर के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एएनटीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसने तस्करी नेटवर्क को किसी तरह संचालित किया।

पहले भी जा चुका है जेल

जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ साल 2016 और 2019 में मारपीट और वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तीन प्रकरण दर्ज हैं। एक मामले में उसे पहले करीब 40 दिन जेल भी रहना पड़ा था लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी। एएनटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क, सप्लायर और सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

Updated on:
17 Jul 2026 08:38 am
Published on:
17 Jul 2026 08:38 am