
जोधपुर/सीकर।
डीजे पर जैसे ही गोली चल जावगी...गाना बजा। अपराधियों ने अपने हाथ में हथियार निकाल कर फायर करना शुरू कर दिया। इसका परिणाम एक अपराधी की मौत और तीन घायल के रूप में सामने आया। नेछवा इलाके के किरडोली बड़ी गांव में शादी के जश्न के दौरान फायरिंग (Shoot in marriage) के मामले की जांच में ऐसे ही तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने वारदात के दूसरे दिन शादी का वीडियो जब्त कर लिया है। वीडियो में वारदात की सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने डीजे का सामान जब्त कर दूल्हे सहित पांच अपराधियों (five arrested including groom) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में अन्य अपराधियों की तलाश कर रही है।
नेछवा थानाधिकारी विमला बुडानिया ने बताया कि दुल्हे किरडोली बड़ी निवासी संग्राम सिंह उर्फ विक्की, धोद के शाहपुरा निवासी गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू, नागौर के नावां क्षेत्र के खारडिय़ा निवासी भानू प्रताप सिंह उर्फ भानू, उदयपुरवाटी के मंडावरा निवासी विजेन्द्र सिंह राजपूत, खुनखुना क्षेत्र के आकोदा निवासी विशाल सिंह को फायरिंग व हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जोधपुर के बनाड़ क्षेत्र के नांदड़ा कला के तन में स्थित सींगड़ों की ढाणी निवासी सुरेश सींगड़ की हत्या के इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के साथ हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
गोली के बाद सबके मुंह बंद...मौत ने खोले पत्ते
किरड़ोली बड़ी गांव में फायरिंग की वारदात के पत्ते मौत ने ही खोले हैं। परिवार के लोग तो वारदात को छिपाने में जुट ही गए। मौके पर उपस्थित डीजे, टैंट व अन्य लोगों ने भी पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। यहां तक की निजी अस्पतालों ने भी पुलिस को सूचना देने में लापरवाही बरती। अपर पुलिस अधीक्षक रामचंद्र मूंड ने बताया कि एक घायल को यहां श्रीराम ट्रोमा और राठी अस्पताल लाने की भी जानकारी मिली है। एमएलसी कैस होने के बावजूद अस्पताल में मौजूद चिकित्साकर्मियों ने पुलिस को किसी तरह की जानकारी नहीं दी। डीडवाना के बांगड़ अस्पताल के कर्मचारियों ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी। हालांकि कुचामन के अस्पताल में मोत होने पर पुलिस को जानकारी मिली।
दूल्हा थाने में कहता रहा...शादी तो करवा दो
वारदात के बाद पुलिस घायल दूल्हे को थाने ले आई थी। थाने में वह थानाधिकारी विमला बुडानिया से बार-बार कहता रहा कि भले ही उसे गिरफ्तार कर लो...लेकिन उसकी शादी तो हो जाने दो। थानाधिकारी ने बताया कि उसके परिजनों ने भी शादी करवाने का आग्रह किया।
पड़ौसियों तक को नहीं चल पता
पुलिस का मानना है कि वहां पर आठ से दस फायर हुए है, लेकिन डीजे के शोर के कारण पड़ौसियों तक को गोलीबारी की वारदात का पता नहीं चला। वारदात होने के बाद घायलों को जब वहां से ले जाया गया। इसके बाद परिवार के लोग सबूत मिटाने में जुट गए। पुलिस ने सोमवार को शादी का वीडियो, डीजे पर बजाया जा रहा पैन ड्राइव सहित अन्य सामान जब्त कर लिया है।