
social media एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को उनके गृहनगर में ही धमकी दे डाली। पोस्ट वायरल हुई तो पुलिस हरकत में आई। आरोपी को पकड़ा तो पता चला कि श्रमिक है, उसके धमकी देने के कारणों का पता किया जा रहा है।
रातानाडा थानान्तर्गत ईस्ट पटेल नगर में रहने वाले हैण्डीक्राफ्ट के एक श्रमिक ने अपनी फेसबुक पर राज्य के मुख्यमंत्री के खिलाफ धमकी भरी पोस्ट अपलोड कर दी। जो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और श्रमिक को बुधवार को हिरासत में लिया। हालांकि धमकी में सिर्फ गहलोत ही लिखा है, लेकिन पुलिस इसे मुख्यमंत्री से जोड़कर जांच कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) देरावरसिंह ने बताया कि मूलत: सीकर हाल ईस्ट पटेल नगर निवासी राकेशसिंह शेखावत ने अपनी फेसबुक पर मंगलवार रात एक पोस्ट अपलोड कर दी थी। जिसमें उसने आग्रह किया कि कोई उसे रिवॉल्वर दे सके तो गहलोत को सबक सिखाना है। सोशल मीडिया पर यह धमकी भरे लहजे वाले पोस्ट वायरल हो गई। जिससे पुलिस हरकत में आई।
फेसबुक के आइपी एड्रेस से उसकी लोकेशन रातानाडा में आई। इस पर थानाधिकारी भारत रावत के नेतृत्व में पुलिस ने तलाश के बाद राकेशसिंह को हिरासत में लिया। जिससे पूछताछ की जा रही है। वह सैन्य अस्पताल के पास हैण्डीक्राफ्ट की एक यूनिट में काम करता है और ईस्ट पटेल नगर में रहता है। फिलहाल इस संबंध में कोई एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज
राकेश का यह मैसेज दिनभर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। लोगों ने हालही में हुए घटनाक्रम से इसे जोड़ कर देखा। जबकि कुछ दिन पहले ही सीएम गहलोत जोधपुर का दौरा करके गए हैं।