जोधपुर

SOLAR POWER: रेलवे हर साल बचा रहा 200 लाख यूनिट बिजली

5.64 करोड़ सोलर पैनल व 9 करोड़ एलईडी तकनीक से हो रही राजस्व बचत - सोलर उत्पादन में जयपुर मण्डल अव्वल, जोधपुर दूसरे नम्बर पर
2 min read
Sep 11, 2022
SOLAR POWER: रेलवे हर साल बचा रहा 200 लाख यूनिट बिजली
SOLAR POWER: रेलवे हर साल बचा रहा 200 लाख यूनिट बिजली

जोधपुर।

रेलवे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे सौर ऊर्जा से बिजली उत्पन्न कर प्रदूषण रहित पर्यावरण की मुहिम को बढ़ाने के साथ करोड़ों रुपए राजस्व बचत कर रहा है। साथ ही, ऊर्जा दक्ष एलईडी तकनीक का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मण्डल जयपुर, अजमेर, जोधपुर व बीकानेर मण्ड़ल मुख्यालयों के अलावा विभिन्न स्टेशनों व रेलवे के अन्य भवनों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली पैदा की जा रही है। इन सबसे उत्तर पश्चिम रेलवे करीब 200 लाख यूनिट बिजली बचाने के साथ करीब 14 करोड़ के राजस्व की बचत कर रहा है।
-------

सोलर पैनल से बचा रहे बिजली
उत्तर पश्चिम रेलवे पर अभी तक कुल 7.128 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए गए है। इन सोलर पैनल के स्थापित होने से रेलवे प्रतिवर्ष 94 लाख से अधिक यूनिट की ऊर्जा की बचत के साथ करीब 5.64 करोड़ रुपए के राजस्व की बचत भी कर रहा है।

--------------------------------
115 स्टेशनों पर लगे है सोलर पैनल

- उत्तर पश्चिम रेलवे के 115 स्टेशनों, 238 समपार फाटकों और 20 कार्यालय भवनों पर 7.128 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा पैनल लगे है।
- इस वित्त वर्ष में 20 स्टेशनों पर करीब 1.67 करोड रुपए की लागत से 200 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित।

इसके अन्तर्गत प्रत्येक स्टेशन पर 10 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएंगे, ताकि बिजली आपूर्ति न होने पर भी स्टेशनों पर लाइट की सुविधा हमेशा उपलब्ध हो सकें।
-----------------------------

ऊर्जा एलईडी तकनीक से 103 लाख यूनिट बिजली बचत
उत्तर पश्चिम रेलवे पर ऊर्जा दक्ष एलईडी तकनीक के उपयोग से राजस्व के बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के 572 स्टेशनों तथा 963 कार्यालय भवनों में 100 प्रतिशत एलईडी फिटिंग लगाई गई है। जिससे करीब 103 लाख यूनिट बिजली तथा 9 करोड़ रुपए के राजस्व की बचत प्रतिवर्ष हो रही है।
---------------
कहां कितनी क्षमता के सोलर पैनल व उत्पादन

मण्डल-------- सोलर पैनल क्षमता------------ सोलर उत्पादन
जयपुर------- 2074.42 किलोवाट --------- 2143346 यूनिट

जोधपुर------- 1823.12 किलोवाट------------ 1929841 यूनिट

अजमेर-------- 1772.29 किलोवाट ---------- 1741931 यूनिट
बीकानेर------ 655.68 किलोवाट--------- 475176 यूनिट

---------------------------------------------
रेलवे पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में काम कर रहा है। सौर ऊर्जा तथा ऊर्जा दक्ष उपकरणों पर यह कार्य निरंतर जारी है।

कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर

Published on:
11 Sept 2022 09:21 pm