
जोधपुर.
मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के 2550 मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए गए।
जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित शिविर में सबसे ज्यादा युवा व महिलाएं पहुंची और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के आवेदन किए।
जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित के निर्देश पर रविवार को एडीएम (शहर प्रथम) जवाहर चौधरी व निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा बेरवा ने 45, एडीएम(द्वितीय) महिपाल भारद्वाज ने 32 और एसडीएम सुमित्रा पारीक ने 18 बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि गत 12 जनवरी को आकस्मिक निरीक्षण के दारैान 36 बीएलओ अनुपस्थित थे। इन सभी को कारण बताओ नोटिस दिए गए थे।
दोपहर बाद पहुंचे बीएलओ
लूणी पंचायत समिति क्षेत्र के सांगरिया पंचायत के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जाटों की ढाणी में निर्धारित समय के दो घंटे बाद 11 बजे तक भी कोई कर्मचारी स्कू ल परिसर में नहीं पहुंचा। करीब तीन घंटे इंतजार के बाद बीएलओ लिखमाराम के नहीं आने पर लोगों ने बीएलओ को फोन किया तो उसने बीमार होने का कारण बताकर दो महिला कर्मचारियों को बूथ पर भिजवाया। इसके अलावा कुछ मतदान केंद्रों पर बीएलओ के देरी से पहुंचने की शिकायतें मिली।