जोधपुर

चाय की चुस्की जितनी चीनी भी नहीं देती सरकार, गोदामों में पड़ी है दो साल की चीनी!

राज्य सरकार ने साल भर का आवंटन जारी किया, गरीबों को मिलेगी तीन महीने की एक साथ चीनी
2 min read
ration shops
चाय की चुस्की जितनी चीनी भी नहीं देती सरकार, गोदामों में पड़ी है दो साल की चीनी!

गजेंद्र सिंह दहिया/जोधपुर. राज्य सरकार ने तीन दिन पहले प्रदेश के अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) से जुड़े 6 लाख 84 हजार 323 परिवारों के लिए एक साल की चीनी का आवंटन जारी कर दिया, लेकिन प्रत्येक परिवार को महज एक किलो ही चीनी मिलेगी। पांच सदस्यों के एक परिवार के लिए इस चीनी से 10 दिन भी चाय पीना नसीब नहीं होगा।

प्रदेश में वर्तमान में केवल एएवाई परिवारों को ही राशन की चीनी मिलती है। खाद्य विभाग ने अप्रेल 2019 से लेकर मार्च 2020 तक पूरे प्रदेश के लिए 82 लाख क्विंटल से अधिक चीनी का आवंटन जारी किया है। आवंटन साल भर का है लेकिन चीनी त्रैमासिक आधार पर देने की बात कही गई है। कोढ़ में खाज यह भी है कि बाजार में करीब 40 रुपए प्रति किलो मिल रही चीनी सरकार भी 24.50 रुपए प्रति किलो दे रही है। तीन किलो चीनी के लिए राशन की दुकान तक आना और प्रक्रिया पूरी करने के चक्कर में कई लोगों इसको लेते भी नहीं है।

एक राशन की दुकान में एक बोरी चीनी
प्रदेश में राशन की 23 हज़ार 899 दुकानों से राशन की चीनी का वितरण होगा। प्रत्येक दुकान में करीब 15 से 20 अंत्योदय परिवार के राशन कार्ड है। ऐसे में एक राशन डीलर को महज एक बोरी चीनी ही काफी रहेगी। यही कारण है कि राशन डीलर चीनी वितरण में रुचि नहीं लेते हैं।

अतिरिक्त चीनी का कोई तोड़ नहीं

राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने क्रय विक्रय सहकारी समिति और राशन डीलर्स के पास चीनी का स्टॉक होने के बावजूद करीब 32 करोड रूपए की अतिरिक्त चीनी खरीद ली। इसमें से 20 करोड रुपए की चीनी अभी भी प्रदेश के सभी जिलों के गोदामों में पड़ी है। अगर इस चीनी का वितरण किया जाता है तो करीब तीन साल तक सरकार को चीनी खरीदने की जरुरत नहीं पड़ेगी यानी गरीबों को पुरानी चीनी मुहैया करवाई जाएगी। हालांकि सरकार ने अतिरिक्त चीनी खरीदने पर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

फैक्ट फाइल
- 8212 मैट्रिक टन चीनी का आवंटन
- 23899 राशन की दुकानें, जहां से चीनी वितरण होगा
- 684323 अंत्योदय कार्ड है प्रदेश में
- 62517 सर्वाधिक अंत्योदय परिवार है उदयपुर में
- 6619 सबसे कम अंत्योदय परिवार है जैसलमेर में
- 20 औसतन अंत्योदय परिवार है प्रत्येक राशन दुकान पर
- 1 किलो 1 महीने में चीनी मिलती है प्रत्येक अंत्योदय परिवार को

Published on:
05 Mar 2019 10:39 am