
जोधपुर।
प्रदेश के दिव्यांग खिलाडि़यों को अन्तरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाने व पैरा खेलों को बढ़ावा देने के लिए जोधुपर व जयपुर में पैरा खेल एकेडमी विकसित की जा रही है। इन अकादमियों में प्रदेश के चयनित दिव्यांग खिलाडि़यों को आवासीय सुविधाओं के साथ कुशल प्रशिक्षकों से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। साथ ही, परिषद की ओर से पैरा खिलाडि़यों के लिए विशेष अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण, आवास-भोजन व निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है किदेश में दिव्यांगों के लिए पैरा एकेडमी खोलने वाला राजस्थान पहला राज्य है। प्रदेश के दिव्यांग खिलाडि़यों के लिए आवासीय पैरा एकेडमी की जोधपुर व जयपुर में इसी सत्र से शुरुआत होगी। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से एकेडमी की चयन स्पर्धा से खिलाड़ियों का चयन कर एकेडमी में प्रवेश दिया जाएगा।
----
जोधपुर में उम्मेद स्टेडियम में होगी शुरुआत
जोधपुर में प्रदेश के एकमात्र सरकारी शारीरिक शिक्षक महाविद्यालय में एकेडमी का निर्माण कार्य किया जा रहा है। एकेडमी का निर्माण कार्य पूरा होने तक राजकीय उम्मेद स्टेडियम में एकेडमी का संचालन होगा। राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ प्रदेशाध्यक्ष हापूराम चौधरी के अनुसार पैरा एकेडमी खुलने से दिव्यांग खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। खिलाड़ियों का स्तर सुधरेगा और राज्य को अधिकाधिक मेडल मिलने की आशा प्रबल होगी।
------
इन खेलों के लिए चयन
- जोधपुर पैरा खेल एकेडमी में निशानेबाजी के लिए 5 व टेबल टेनिस के लिए 5 खिलाडि़यों का चयन।
- जयपुर पैरा खेल एकेडमी में एथलेटिक्स के लिए 10 और भारोत्तोलन के लिए 5 खिलाडि़यों का चयन ।
----------
यह रहेगी ट्रायल तिथि
खेल---- तिथि --- स्थान
- एथलेटिक्स-23 मई---विद्याधर स्टेडियम जयपुर।
- भारोत्तोलन- 24 मई---सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर।
- निशानेबाजी- 23 मई---जगतपुरा शूटिंग रेंज जयपुर।
- टेबल टेनिस- 24 मई---सवाई मानसिंह स्टेडियम।
----
आवेदन 19 तक
आवेदन पत्र राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। वहीं समस्त जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्रों व संबंधित राज्य खेल संघों से आवेदन पत्र प्राप्त 19 मई शाम 5 बजे तक जमा कराए जा सकते है।----------------------------------------------
जोधपुर में दिव्यांग खिलाडि़यों को शूटिंग व टेबल टेनिस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एकेडमी अभी उम्मेद स्टेडियम में संचालित होगी। फिजीकल कॉलेज में एकेडमी तैयार हो जाने पर वहां शिफ्ट कर दी जाएगी व खिलाडि़यों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
वीरेन्द्र पूनिया, मुख्य खेल अधिकारी,राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद जयपुर
----------