
फलोदी (जोधपुर). राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त मोर्चा के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रोडवेज बसों की चक्काजाम हड़ताल मंगलवार को लगातार नौवें दिन व फलोदी डिपो के कर्मचारियों का धरना आज ग्यारहवें दिन भी जारी रहा। रोडवेज बसों की चक्काजाम हड़ताल के चलते निजी बसों की चांदी हो रही है। निजी बसों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें बनी हुई है।
मंगलवार को सुखराम चौधरी, चम्पालाल चौहान, विजयकुमार दवे, मदनगोपाल विश्नोई, दीनदयाल जोशी, राजेन्द्रसिंह, पूनाराम थोरी आदि रोडवेज कर्मचारी धरने पर बैठे।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने राज्य सरकार को भेजे ज्ञापन में रोडवेज कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के समान सातवां वेतनमान, वेतन, भत्ते व पेंशन देने, रिक्त पदों को भरने, नई बसें चलाने, बकाया पेंशन एवं अन्य भुगतान करने सहित विभिन्न मांगों पर 27 जुलाई को हुए समझौते को तत्काल लागू करने की मांग की है।
यात्रियों की कट रही जेबें
हड़ताल के दौरान फलोदी आगार की बसों के पहिए थमे रहने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें मजबूरन निजी बसों में यात्रा करनी पड़ रही है। जहां उन्हें मनमाना किराया अदा करना पड़ रहा है। बताया गया कि रोडवेज बसों की हड़ताल के चलते निजी बसों का किराया भी एकाएक बढ़ा दिया गया है और इन बसों में जोधपुर, बीकानेर, नागौर, जैसलमेर आदि लंबी दूरी के अलावा नजदीकी स्टेशनों के यात्रियों को बिठाया नहीं जा रहा है। इससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।
लेखाकर्मी रहे पेन डाउन हड़ताल पर
फलोदी. राजस्थान एकाउण्टेन्ट एसोसिएशन के आह्वान पर जिला शाखा फलोदी के लेखाकर्मियों ने मंगलवार से पेन डाउन हड़ताल रखी। वे बुधवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। आज लेखाकर्मियों ने6 सूत्री मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
एसोसिएशन अध्यक्ष दीनदयाल व्यास ने बताया कि लेखाकर्मियों की 6 सूत्री मांगों को लेकर चल रहे आन्दोलन के तहत 25 से 28 सितम्बर तक लेखाकर्मी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।