
जोधपुर.
कागा स्थित शीतला माता मंदिर में शीतलाष्टमी पर पन्द्रह मार्च से होने वाले मेले में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहेंगे। तीन पारियों में पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों व शीतला माता कागा तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में सरदार पटेल सभागार में आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
यादव ने कहा कि मंदिर व मेला परिसर में पुलिस की माकूल व्यवस्था रहेगी। ट्रस्ट के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की सुगम व्यवस्था की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा।बदमाशों व अपराधियों की धरपकड़ के लिए मेला परिसर में सादे वस्त्रों में पुलिस तैनात रहेगी।
महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेड्स, लाइट, चिकित्सा व सफाई की व्यवस्था रहेगी। इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को मेले के दौरान लगने वाले झूले व दुकान संचालकों को एनओसी देने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने मेला परिसर में सडक़ से पर्याप्त दूरी और मंदिर के तीन सौ मीटर दायरे में दुकानें न लगने के निर्देश दिए। निगम के स्वरूपसिंह ने कहा कि मेले के दौरान सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। कचरे व मलबे के ढेर हटाए जाएंगे।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष जयंत सांखला ने कहा कि १५ मार्च शाम पांच बजे मेले का झण्डारोहण होगा। अमावस्या को श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर एसीपी कमलसिंह, नागौरी गेट थानाधिकारी जब्बरसिंह, ट्रस्ट के कुलदीप गहलोत, देवेश कच्छावाह आदि मौजूद थे।
कोरोना वायरस से बचाव संबंधी पोस्टर लगेंगे
डीसीपी ने मेला परिसर में कोरोना वायरस से बचाव व उसकी रोकथाम के लिए भी आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। इस संबंध में मेला परिसर में पोस्टर लगाए जाएंगे।