
जोधपुर. जून के दूसरे सप्ताह की शुरुआत तेज हवाओं से होगी। जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से हवाएं चलेगी। आमसां साफ रहने की संभावना है हालांकि हवा में कुछ नमी भी बनी रहेगी। सप्ताहांत में एक बार फिर से बादल आएंगे। उधर दक्षिणी पश्चिमी मानसून रविवार को महाराष्ट्र के पुणे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी हवाएं तेज होने के कारण इसके अगले दो दिनों में उड़ीसा, पश्चिमी बंगाल, झारखण्ड और बिहार पहुंचने की संभावना है।
सूर्यनगरी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रहा। सुबह सत्तर फीसदी नमी होने के कारण सूर्योदय के साथ ही उमस बढऩे लगी। सुबह आठ बजे ही पसीने छूटने लग गए। चिलचिलाती धूप और बादलों की हल्की आवाजाही ने दिनभर उमस का मौसम बनाए रखा। अधिकतम तापमान के 39.9 डिग्री तक पहुंचा लेकिन उमस भरी गर्मी ने शहरवासियों को हलकान किए रखा। मौसम के कारण लोग दिनभर पसीना-पसीना होते रहे। ग्रामीण इलाकों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में रात का पारा 27.8 व दिन का 40 डिग्री मापा गया।
बाड़मेर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 व 28 और अधिकतम 41.6 व 40.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।