
जोधपुर. एक निजी डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सोमवार को छात्रावास और मैस की कथित समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राएं पहले कॉलेज के बाहर धरने पर बैठे रहे। बाद में सामान उठाकर शाम को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित थाना अधिकारी को समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं।
कॉलेज में उत्तरी-पूर्वी राज्यों के अलावा कश्मीर से भी कई छात्र-छात्राएं बीडीएस करने आते हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मैस में अच्छा खाना नहीं बनता। वे स्वयं अपने स्तर पर बाहर से खाना मंगवाना चाहते हैं लेकिन छात्रावास प्रबंधन ने कुछ पाबंदी लगा रखी है।
इधर, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों को नॉनवेज सहित खाना ऑनलाइन मंगाने की अनुमति है, लेकिन छात्रावास में बाहर से कोई अवांछनीय वस्तु नहीं आ जाए इसलिए समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाता है। कुछ छात्र प्रबंधन की पूछताछ व जांच का विरोध कर रहे हैं।