
फलोदी. समिति क्षेत्र के ननेऊ ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र एक एैसा अनूठा स्वास्थ्य केन्द्र है जिसका ताला सप्ताह में मात्र एक दिन गुरुवार को ही खुलता है। शेष दिनों में स्वास्थ्य केन्द्र बंद रहने के कारण रोगियों को उपचार के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सह सचिव अब्दुल मजीद मेहर सहित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व जिला कलक्टर को भेजे पत्र में बताया कि ननेऊ ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र पर एएनएम का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। इस केन्द्र का अतिरिक्त कार्यभार कानासरिया में कार्यरत एएनएम को सौंपा हुआ है। वह सप्ताह में मात्र एक दिन गुरुवार को यहां काम देखती है तथा शेष दिनों में स्वास्थ्य केन्द्र पर ताला पटका रहता है। जिससे रोगियों को उपचार के लिए भारी परेशानी होती है। उन्होंने इस स्वास्थ्य केन्द्र पर स्थाई रूप से एएनएम की नियुक्ति करवाने का आग्रह किया है। (कासं)
-------------