
जोधपुर.
शहर के भीतर नरसिंहदड़ा में मनावतों की गली के पास पैदल वृद्धा के कंधे पर लटक रहा बैग लूटने के मामले में गुमशुदगी दर्ज करना खाण्डा फलसा थाना पुलिस के उप निरीक्षक व एक हेड कांस्टेबल को भारी पड़ गया। इन दोनों को शुक्रवार को लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमनदीप सिंह कपूर ने उप निरीक्षक छत्तु सिंह व हेड कांस्टेबल नारायण सिंह को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए। दोनों को कार्य के प्रति उदासीन एवं लापरवाह होने की शिकायत के आधार पर तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिन किया गया है। डीसीपी कपूर ने बताया कि वृद्धा से लूट के मामले में एफआइआर दर्ज करने की बजाय पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। दोनों को कत्र्तव्य के प्रति उदासीन व लापरवाह मान थाने से हटाकर लाइन में भेजा गया है। थाना प्रभारी के अवकाश पर होने के कारण उप निरीक्षक के पास कार्यभार था।
उधर, वारदातस्थल से कुछ दूर ज्वैलरी शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में मुंह पर रूमाल रखे एक युवक भागता नजर आया। उसने काली पेंट व भूरी व स्लेटी जैकेट पहन रखी थी।
राजस्थान पत्रिका ने उजागर की थी पुलिस की लापरवाही
जालप मोहल्ला निवासी वीणा कल्ला (७२) पत्नी गोविंद कल्ला बड़लेश्वर महादेव मंदिर में आरती करने के बाद गुरुवार देर शाम पैदल ही घर लौट रही थी। नरसिंहदड़ में मनावतों की गलीके पास पहुंचने पर सामने से मुंह पर रूमाल बांधे एक युवक पैदल ही वृद्धा के पास आया और झपट्टा मारकर बैग लूटकर भाग निकला था। उसके पीछे एक अन्य युवक भी था। वो भी वारदात के बाद भाग गया था। उन्होंने परिजन को अवगत कराया। फिर वो थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने लूट की बजाय बैग व मोबाइल की गुमशुदगी दर्ज कर इतिश्री कर ली थी। राजस्थान पत्रिका ने शुक्रवार के अंक में ‘मंदिर से पैदल घर लौट रही वृद्धा से बैग लूटा’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर पुलिस की लापरवाही उजागर की थी।
वॉल सिटी में तीसरी वारदात, वृद्धा को नहीं मिली चेन
शहर का भीतरी क्षेत्र यानि वॉल सिटी लूट, चोरी व अन्य वारदातों से सबसे सुरक्षित माना जाता रहा है, लेकिन कुछ समय से इस क्षेत्र में भी वारदातें होने लगी है। कुछ समय पहले घोड़ों का चौक में तडक़े मंदिर जा रही ८२ वर्षीय वृद्धा से बाइक सवार लुटेरों ने सोने की चेन लूट ली थी। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर चेन बरामद कर ली थी, लेकिन वृद्धा को चेन अभी तक मिल नहीं पाई है। जिससे वह परेशानी में है। इसी प्रकार कबूतरों का चौक में एक महिला से बैग लूट लिया गया था। पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन बार-बार जांच के लिए बुलाए जाने से परेशान होकर महिला ने शिकायत वापस ले ली थी। बाइजी का तालाब मोहल्ला विकास समिति के सचिव राजेश बोराणा का कहना है कि स्मैक पीने व बेचने वालों के कारण शहर के भीतर भी वारदातें होने लगी हैं।
बिस्किट खरीदने के बहाने काउंटर से आठ सौ रुपए चुराए
वृद्धा से चेन लूट के चौबीस घंटे बाद ही शुक्रवार रात नौ बजे मनावतों की गली व नाजरजी की बावड़ी स्थित बंटी बैकरी नामक दुकान से कपड़े से मुंह बांधे एक युवक आठ सौ रुपए उठाकर भाग गया। एएसआई फूसाराम ने बताया कि मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक दुकान पर आया और बिस्किट दिखाने के लिए कहा। दुकानदार बिस्किट लाने के लिए मुड़ा। तभी वह युवक काउंटर पर खुले में रखे करीब आठ सौ रुपए लेकर भाग निकला। जिसका पता नहीं लग पाया।