
जोधपुर. बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे में कम दबाव का क्षेत्र कायम होने से मौसम विभाग ने मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद जताई है। इस सिस्टम के असर से पूर्वी राजस्थान में बुधवार से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के साथ तेज हवा चलने व वज्रपात होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 2-3 दिन बाद मानसूनी बादलों की आवाजाही व सप्ताहांत में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.5 और अधिकतम 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बादलों की हल्की आवाजाही के साथ दिनभर धूप खिली रही। वातावरण में अधिकतम आपेक्षिक आद्र्रता 70 फीसदी और न्यूनतम 51 फीसदी रहने से दोपहर में उमस भरी तपिश ने लोगों को हलकान किए रखा। शाम ढलने के बाद भी उमस सताती रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ उमस भरा मौसम बना रहा। फलोदी में न्यूनतम तापमान 28.4 और अधिकतम 37.8 डिग्री रहा।
बाड़मेर और जैसलमेर में रात का तापमान क्रमश: 26.5 व 24.8 और 36.6 व 37 डिग्री मापा गया।