जोधपुर

दस हजार रिश्वत लेते महिला सरपंच व शिक्षक पति गिरफ्तार

. जोधपुर एसीबी की पाली जिले की रानी पंचायत समिति के रानी कला गांव में कार्रवाई . फैक्ट्री से कुछ दूर नाली का निर्माण करने की एवज में ली रिश्वत
2 min read
Nov 03, 2018
ten thousand bribe taken by sarpanch, sarpanch n husband arrest
दस हजार रिश्वत लेते महिला सरपंच व शिक्षक पति गिरफ्तार

जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जोधपुर की विशेष विंग ने पाली जिले की रानी पंचायत समिति के रानी कला गांव में फैक्ट्री से कुछ दूरी पर नाली का निर्माण कराने की एवज में दस हजार रुपए रिश्वत लेते गांव की सरपंच व उसके शिक्षक पति को शनिवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक (एसीबी) डॉ विष्णु कांत ने बताया कि रानी कला की सरपंच संतोष भाटी (32) पत्नी नारायण लाल घांची व उसके पति नारायणलाल (38) पुत्र पूनाराम घांची को दस हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। सरपंच पति सुमेरपुर तहसील में चैनपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है।
सरपंच व पति के खिलाफ गांव के ही रमेश कुमार सैन की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। सरपंच की तरफ से रानी कला गांव में नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। रमेश के मित्र शंकरलाल की गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली बनाने की फैक्ट्री है। नाली का निर्माण फैक्ट्री के पास से न करके कुछ दूरी से करवाने की एवज में सरपंच ने दस हजार रुपए रिश्वत की मांग की। चूंकि फैक्ट्री की देखरेख रमेश कुमार सैन करता है इसलिए उसने इसकी शिकायत एसीबी की विशेष विंग से की। एसीपी ने गोपनीय सत्यापन करवाया तो सरपंच व उसके पति के रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इस पर एसीबी ने शनिवार सुबह दस बजे परिवादी रमेश को रिश्वत राशि देने के लिए सरपंच के घर भेजा, जहां सरपंच संतोष भाटी ने उससे बतौर रिश्वत दस हजार रुपए ले लिए। जो बरामदे में बनी अलमारी में रखे अखबार के बीच रख दिए। तभी इशारा मिलते ही एसीबी की विशेष विंग के उपाधीक्षक जगदीश सोनी ने दबिश देकर सरपंच संतोष भाटी और रिश्वत लेने में शामिल पति नारायण लाल घांची को गिरफ्तार कर लिया। अखबार के बीच से रिश्वत राशि जब्त भी कर ली गई।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षकर मेश खिडि़या, हेड कांस्टेबल मेघराज, कांस्टेबल सीता, देवाराम, प्रकाश, अर्जुन सिंह, रामचन्द्र सिंह, ओमप्रकाश, खुम्माराम व कनिष्ठ लिपिक भंवरलाल शामिल थे।

Updated on:
03 Nov 2018 02:48 pm
Published on:
03 Nov 2018 02:48 pm