
जोधपुर.
बासनी थाना पुलिस ने उद्योग नगर स्थित टैक्सटाइल फैक्ट्री में फिनिशिंग के लिए आने वाले कपड़ों में से थान चुराने वाले तीन युवकों को मंगलवार को गिरफ्तार किया। लोडिंग वाहन के एक चालक का सुराग नहीं लग सका।
थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि खेमे का कुआं के पास नंदनवन ग्रीन निवासी तरूण पुत्र मूलाराम पोटलिया की उद्योग नगर में तरूण टैक्सटाइल नामक फैक्ट्री है, जहां अन्य टैक्सटाइल फैक्ट्रियों से आने वाले कपड़ों की फिनिशिंग का कार्य होता है। बोलेरो पिकअप व लोडिंग टैक्सियों की मदद से फिनिशिंग के लिए कपड़े लाए और ले जाए जाते हैं। इस दौरान पिछले कई दिनों से कपड़ों के कुछ थान चोरी होने लगे थे। लगातार वारदात व शिकायत पर फैक्ट्री संचालक ने बासनी थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया। जिसमें लोडिंग वाहन के चालक माधोसिंह व अन्य पर संदेह व्यक्त किया गया। जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को खेड़ापा थानान्तर्गत नांदिया निवासी विजयसिंह पुत्र सुमेरसिंह, सोलंकिया तला निवासी प्रतापसिंह पुत्र दौलतसिंह व चोखां में नयापुरा के राधाकृष्ण पुरम निवासी जीतू उर्फ जितेन्द्र पुत्र सुरेश जोशी को गिरफ्तार किया। वाहन चालक माधोसिंह अभी तक पकड़ में नहीं आ सका है। आरोपियों ने चोरी होने वाले कपड़ों के थान बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।