
-जोधपुर के एमडीएम अस्पताल के ट्रोमा आईसीयू में चल रहा है इलाज
जैसलमेर/जोधपुर.
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-11 पोकरण-जैसलमेर मार्ग पर चाचा गांव के निकट रविवार शाम सड़क दुर्घटना में घायल हुई सांकड़ा पंचायत समिति की प्रधान अमतुल्ला मेहर - Amtullah maher की हालत बेहद नाजुक है। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में प्रधान मेहर के सिर पर गंभीर चोट लगी है। जिससे ब्रेन हेमरेज हो चुका है। प्रधान मेहर का जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घायल प्रधान मेहर रविवार रात से वेंटीलेटर पर है। दुर्घटना के बाद से प्रधान के परिजन व उनके समर्थक खासे चिन्तित है। कई लोग उनके स्वस्थ होने की दुआ तक कर रहे हैं।
प्रधान की कुशलक्षेम पूछने के लिए जैसलमेर, पोकरण सहित कई जगहों के सैकड़ों लोग एमडीएम अस्पताल पहुंच रहे हैं। चूंकि उनकी हालत नाजुक हैं, इसलिए परिजन के अलावा अन्य लोगों को आईसीयू में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार प्रधान के पैर व हाथ में फ्रेक्चर हैं और सिर पर गंभीर चोट लगी हैं। फिलहाल वह बेहोशी हालत में हैं। चिकित्सक प्रधान मेहर को वेटीलेंटर पर रखकर इलाज कर रहे हैं।
गौरतलब है कि रविवार अपराह्न पोकरण के पास चाचा गांव के निकट दो कारों की भिड़त में पांच जनों की मौत हो गई थी। एक कार में सांकड़ा पंचायत समिति की प्रधान अमतुल्ला मेहर सवार थी। कार को चालक चला रहा था। दुर्घटना इतनी हृद्य विदारक थी कि सामने की कार में सवार सीकर के खाटूश्यामजी निवासी पांच जनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार प्रधान मेहर गंभीर घायल हो गई थी। कार का चालक भी घायल हो गया।