जोधपुर

खाने के रुपए न देने पर उलाहना दिया तो मालिक को चाकू घोंपा

- वारदात के चंद घंटे बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार, बाइक व चाकू बरामद
2 min read
Nov 01, 2020
खाने के रुपए न देने पर उलाहना दिया तो मालिक को चाकू घोंपा
खाने के रुपए न देने पर उलाहना दिया तो मालिक को चाकू घोंपा

जोधपुर.
खाने के रुपए मांगने और न देने पर उलाहना की रंजिश में पुलिस कन्ट्रोल रूम के सामने मॉल के पीछे दो युवकों ने होटल संचालक के पेट में चाकू घोंप घायल कर दिया। उदयमंदिर थाना पुलिस ने चंद घंटे बाद रविवार को दोनों युवकों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व चाकू बरामद किया।

थानाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि मोहम्मद साजिद की लतीफ शाहद दरगाह के पास शाहमिना नामक खाने की होटल है। दो दिन पहले अजहरूद्दीन ने होटल में खाना खाया था। वेटर ने रुपए मांगे तो उसने देने से मना कर दिया था। होटल मालिक मोहम्मद साजिद ने उससे तकाजा किया और रुपए न देने पर उलाहना दिया था। इससे अजहरूद्दीन रंजिश पाले हुए था। उसने इमरान उर्फ इमली को साथ लिया और शनिवार देर रात अंसल प्लाजा नामक मॉल के पीछे मोहम्मद साजिद पर घात लगाकर चाकू से वार कर दिए थे। पेट में घाव होने से खून बहने लगा था। हमला कर दोनों भाग निकले। आस-पास के लोगों ने घायल को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने अस्पताल जाकर घायल के पर्चा बयान लिए और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी पहलूओं से दोनों हमलावरों की पहचान की गई।
पुलिस के हरकत में आते ही दोनों आरोपी घर से भाग निकले। इस बीच, राइकाबाग बस स्टैण्ड पर पुलिस ने उदयमंदिर आसन निवासी अजहरूद्दीन व बम्बा बारी में बकरियों की गली निवासी इमरान उर्फ इमली को हिरासत में लिया। पूछताछ में अजहरूद्दीन ने खाने के रुपए न देने व उलाहना देने पर दोस्त के साथ मिलकर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। इस पर अजहरूद्दीन (25) पुत्र मुनीर खां व इमरान उर्फ इमली (18) पुत्र मोहम्मद इमामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही से उप निरीक्षक सुखराम ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किए गए।

Published on:
01 Nov 2020 07:01 pm