जोधपुर

लंबित प्रकरण के लिए जनता चक्कर न काटे, बिना अनुमति निर्माण पर सख्ती

- उत्तर निगम में महापौर ने ली अधिकारियों बैठक
less than 1 minute read
Nov 24, 2020
लंबित प्रकरण के लिए जनता चक्कर न काटे, बिना अनुमति निर्माण पर सख्ती
लंबित प्रकरण के लिए जनता चक्कर न काटे, बिना अनुमति निर्माण पर सख्ती

जोधपुर.
नगरनिगम में लंबित पड़े भवन निर्माण, भू- उपयोग परिवर्तन, लीज, बेचान अनुमति के मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर नगर निगम उत्तर महापौर कुन्ती देवड़ा परिहार ने निगम अधिकारियों की बैठक ली। महापौर ने नगर निगम उत्तर में भवन निर्माण, लीज, भू-उपयोग परिवर्तन, सबडिवीजन, नाम हस्तांतरण और बेचान अनुमति के लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा नगर निगम आमजन से सीधा जुड़ा हुआ विभाग है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति अपनी विभिन्न कार्यों व समस्याओं को लेकर नगर निगम आता है, लेकिन यदि समय पर उनका काम नहीं होता है तो निगम की छवि खराब होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि भू-उपयोग परिवर्तन, सब-डिवीजन, नाम हस्तांतरण व बेचान अनुमति के सभी प्रकरण कैंप मोड में निस्तारित करने का प्रयास करें। महापौर कुन्ती देवड़ा परिहार ने भवन निर्माण अनुमति के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर, उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी, पार्षद मयंक देवड़ा, उपायुक्त अयूब खान, उपायुक्त आकांक्षा बैरवा सहित अन्य मौजूद थे।
अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती
महापौर ने मंगलवार को अतिक्रमण प्रभारियों की भी बैठक ली। बिना अनुमति का निर्माण कार्य होने पर नोटिस जारी करने और काम को रुकवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के नए अतिक्रमण को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Published on:
24 Nov 2020 07:35 pm