
बालेसर (जोधपुर) थानांतर्गत खारी बेरी गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े लुटेरों ने एक घर में घुसकर युवती को बंधक बनाकर घर में रखी नकदी एवं जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि खारी बेरी निवासी मुकेश प्रजापत पुत्र भंवराराम प्रजापत ने रिपोर्ट दी कि मंगलवार प्रात: 11.30 बजे वह मीठी बेरी चौराहा पर रामदेवरा यात्रियों की सेवा में लगा था। उसके माता-पिता पाटोदी गांव कृषि कार्य के लिए गए हुए थे, पीछे घर में उसकी बहन कविता अकेली थी।
तभी दो व्यक्ति उनके घर आए जो काले कपड़े पहने हुए थे तथा मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। दोनों ने उसके घर के आगे आवाज लगाई तो बहन ने दरवाजा खोला। जैसे ही दरवाजा खोला तो लाठी से बहन के सिर पर वार किया तो वह घायल हो गई। तब इन दोनों युवकों ने बहन के हाथ पैर बांधकर घर में लूटपाट की तथा परिजनों के आभूषण एवं घर में रखे 1.13 लाख लूट कर फरार हो गए।
घटना के कुछ देर बाद वह घर आया तो बहन बेहोशी की हालत में थी। तब उसने सरपंच एवं पड़ोसी लोगों को सूचना दी तथा पुलिस को भी सूचना दी। बेहोशी की हालत में बहन को बालेसर अस्पताल लाया गया जहां उपचार के बाद छुट्टी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक पहुंचे मौके पर
इस घटना की सूचना पर बालेसर थाना अधिकारी राठौड़, पुलिस उप अधीक्षक सिमरथा राम पटेल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल बाहरठ भी खारी बेरी पहुंचे।जिला पुलिस अधीक्षक ने लूट की वारदात में घायल कविता एवं उनके परिजनों से बातचीत की तथा परिजनों एवं ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक ने उपअधीक्षक सिमरथा राम के नेतृत्व में टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।
ग्रामीणों ने रोष जताया
खारी बेरी गांव सरपंच अशोक कुमार प्रजापत, देव नगर सरपंच भंवरलाल प्रजापत, पूर्व प्रधान हुकमाराम प्रजापत, राजेश बोरावट आदि ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि खारी बेरी, बालेसर, कुई इंदा सहित आसपास के गांव में लगातार चोरी , डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन किसी मामले में पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। उन्होंने इस घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।