जोधपुर

युवती ने शादी से पन्द्रह दिन पूर्व फंदा लगाया

- जीजा व दो अन्य के साथ घर आकर युवक ने शादी करने को दबाव डाला तो दे दी जान - आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज
2 min read
The young woman hanged fifteen days before marriage
युवती ने शादी से पन्द्रह दिन पूर्व फंदा लगाया

जोधपुर. चानणा भाखर की गली-11 में एक युवती ने मकान के कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी पन्द्रह दिन बाद ही शादी होनी थी और जान देने से कुछ देर पहले कुंमकुम की रस्म हुई थी। पड़ोसी युवक उससे शादी करने के लिए दबाव डाल रहा था। प्रतापनगर थाना पुलिस ने पड़ोसी युवक व उसके जीजा और दो अन्य के खिलाफ मंगलवार को आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया।

थानाधिकारी पुष्पेंद्र आढ़ा के अनुसार चानणा भाखर गली-11 निवासी गुड्डी (19) पुत्री छगनलाल सोनी ने मकान के कमरे में सोमवार देर रात चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। माता-पिता किसी कार्य से बासनी गए हुए थे। बहन को कमरे में बंद देख भाई ने आवाज लगाई, लेकिन गुड्डी ने कोई जवाब नहीं दिया। तब उसने पिता को सूचना दी। माता-पिता मकान पहुंचे, जहां उन्होंने लगिए से दरवाजा खोला और अंदर पहुंचे तो पुत्री को फंदे पर लटका पाया। पुत्री को फंदे से उतारकर परिजन मथुरादास माथुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल बोर्ड से मंगलवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंपा गया।
मृतका के पिता ने पड़ोसी युवक कोमल आचार्य, उसके जीजा व दो अन्य युवकों के खिलाफ पुत्री को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया। मृतका आठवीं तक पढ़ी थी।

घर आकर धमकाया, मुझसे शादी करनी होगी
उप निरीक्षक रणजीतसिंह का कहना है कि मृतका की सोलह अप्रेल को शादी होनी थी। पड़ोसी कोमल आचार्य गुड्डी की शादी दूसरी जगह नहीं होने देना चाहता था। वह उससे शादी करने को दबाव डाल रहा था। इससे गुड्डी परेशान थी। सोमवार शाम उसकी कुंमकुम की रस्म हुई थी। माता-पिता के बाहर जाने पर पड़ोसी कोमल आचार्य अपने जीजा व दो अन्य युवकों को लेकर उसके घर पहुंचा। उसने गुड्डी को उसी से शादी करने को धमकाया और फिर दबाव डाला था। इसके बाद सभी चले गए थे। रात को उसने खुद को कमरे में बंद कर फंदा लगा लिया था।

Published on:
02 Apr 2019 08:37 pm