
जोधपुर. वृद्ध दम्पति को मकान सूना छोड़कर शादी में जाना भारी पड़ गया। पीछे से कार में आए तीन चोर मंगलवार तड़के मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और बीस हजार रुपए समेट कर ले गए। चोरों ने पड़ोसी के पालतु व गली के आवारा कुत्तों को नशीली ब्रेड खिलाकर बेहोश कर दिया था। वारदात से पहले चोरों ने तीन-चार बार रैकी की थी। मुम्बई निवासी सीए निवासी नरेश धूत ट्विटर पर वारदात की जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में पीएफ ऑफिस के पीछे हरिनगर में रहने वाले उनके पिता रतनलाल धूत (८३) और मां रिश्ते में पौत्र की शादी में शामिल होने गत तीस जून को माहेश्वरी भवन चले गए थे। पीछे मकान में कोई नहीं था।
पड़ोसियों ने मंगलवार सुबह मकान के ताले टूटे व चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद सभी तत्काल घर पहुंचे, जहां मकान के मुख्य गेट के साथ ही अंदर के सभी कमरों और अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे। सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से डेढ़ तोला सोने की चेन, दो तोला सोने की झुमकियां, सोने की दो अंगूठी, सोने का बीस ग्राम का सिक्का, साढ़े पन्द्रह किलो चांदी और बीस हजार रुपए गायब थे। घरवालों की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसआइ गणपतलाल का कहना है कि रतनलाल धूत की तरफ से चोरी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। नरेश धूत का कहना है कि कुछ समय पहले भी कार में आए चोरों ने मोहल्ले में चोरी की थी। अभी तक वो पकड़ में नहीं आए हैं। अंदेशा है कि परिवार के शादी में व्यस्त होने और मकान बंद होने के बारे में चोरों को जानकारी थी।
चोरों ने कुत्तों को किया बेहोश
वारदातस्थल के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जांचने पर सामने आया कि कार में आए तीन युवकों ने तड़के तीन बजे तीन-चार बार रैकी की। पड़ोसी का पालतु श्वान व गली के कुत्ते भोंकने लगे तो चोरों ने नशीली ब्रेड फेंकी। ब्रेड खाने से कुत्ते बेहोश हो गए। इसके बाद चोरे ताले तोड़कर अंदर घुसे व सामान बटोरकर कार में बैठकर रवाना हो गए।