जोधपुर

आज से 3 दिन तक रहेगी तेज सर्दी

Rajasthan Weather Update - तीखी धूप निकलने से दिन में रहेगी राहत
less than 1 minute read
आज से 3 दिन तक रहेगी तेज सर्दी
आज से 3 दिन तक रहेगी तेज सर्दी

जोधपुर. मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मौसम साफ होने के बाद आसमान खुला नजर आया। रात में तापमान लुढकऩे से सर्दी रही, वहीं दिन में तीखी धूप निकलने से कुछ राहत महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तापमान में और अधिक गिरावट आएगी। इससे सुबह-सुबह तेज सर्दी रहेगी। दिन में धूप निकलने के कारण जाड़े से कुछ निजात भी मिलेगी। यह मौसम 3 दिन तक बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार-शुक्रवार को फिर से बादलों की हाल की आवाजाही का पूर्वानुमान है।

सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में रुक-रुक कर हवा बहने के कारण सर्दी महसूस हो रही थी। दिन चढऩे के साथ तीखी धूप निकली। दोपहर में तो धूप में अधिक देर तक बैठने पर तपिश अनुभव हो रही थी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलते-ढलते फिर से मौसम में ठंडक घुलने लगी और हवा के कारण रात को जाड़े ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलौदी में न्यूनतम तापमान 7.6 और अधिकतम 22.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
रेगिस्तानी इलाकों में भी तेज सर्दी पड़ रही है। जैसलमेर में रात का तापमान 6.3 तक पहुंच गया, वहीं दिन का भी 20.6 डिग्री से ऊपर नहीं गया। बाड़मेर में रात का पारा 7.5 और दिन का 24.5 डिग्री रहा। माउंट आबू में 2 डिग्री की सर्दी रही। वहां दिन में पारा 18 डिग्री तक पहुंचा।

Published on:
10 Jan 2021 07:05 pm