
जोधपुर। जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारिक संगठनों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कोविड-19 की रोकथाम व कोविड-19 गाइडलाइन की पालना के संबंध में चर्चा की। जिला कलक्टर ने व्यापारी संगठनों से कहा कि प्रशासन व व्यापारिक संगठनों दोनों तरफ से संवाद व संपर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन व नाइट कफ्र्यू में सभी ने प्रशासन का सहयोग किया। अब 4 माह बाद 100 से कम कैस आए हैं। जिला कलक्टर ने कहा कि कोरोना की तीसरी वेव आ सकती है, उसे रोकने के लिए सभी मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्टार कैम्पेन व कोरोना फ्री वार्ड दोनो कैम्पेन चलते रहेंगे।
इन्हें मिला सम्मान
जिला कलक्टर ने जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा कोविड-19 गाइडलाइन की बेहतर पालना करने वाले प्रतिष्ठानों को स्टार कैम्पन के तहत सम्मानित किया। फ्रेश एण्ड ग्रीन प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि गगन टाक और रातानाडा 15 एडी स्टोर के अशफाक को प्रतीक देकर सम्मानित किया।
वाटसएप गु्रप भी बनाया
बैठक में संगठनों के प्रतिनिधियों ने गाइडलाइन पालना सुनिश्चित कराने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सुझाव व समस्याएं भी बताई। वाट्सएप गु्रप भी बनाया गया, जिसमें संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जोड़ा गया। बैठक में त्रिपोलिया बाजार से दिलीप जैन, त्रिपोलिया बाजार मोती चौक व्यापार संघ के सुदर्शन लोढा, सोजती गेट व्यापार संघ के अध्यक्ष शिव कुमार सोनी, जोधपुर वस्त्र व्यापार संघ के उपाध्यक्ष अमराव चौपडा, जोधपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन नई सडक़ के अध्यक्ष नवीन सोनी, जोधपुर इलेक्ट्रीकल मशीनरी एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्पचन्द चौपड़ा, सरदारपुरा व्यापार संघ के राजेन्द्र सोनी सहित अन्य मौजूद थे।