
जोधपुर. वायुसेना के एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर (एलएचएच) धु्रव से शुक्रवार को जोधपुर और जैसलमेर के बीच गिरे तीनों रॉकेट वायुसेना ने पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित मिल गए। हेलीकॉप्टर का पॉड ढीला रहने के कारण गिरे रॉकेट जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में मिले। वायुसेना ने रॉकेट्स को कब्जे में ले लिया है। हेलीकॉप्टर का पॉड ढीला रहने की जांच की जा रही है।
वायुसेना का धु्रव हेलीकॉप्टर शुक्रवार सुबह अपने नियमित परीक्षण के दौरान पे लोड के साथ जोधपुर वायुसेना स्टेशन से पोकरण फायरिंग रेंज जा रहा था। इस दौरान पायलट को पॉड से रॉकेट गिरने का अहसास हुआ। जांच में पता चला कि तीन रॉकेट गिर गए। हेलीकॉप्टर में 70 मिलीमीटर के चार रॉकेट पॉड होते हैं। शुक्रवार को सर्च अभियान में कुछ नहीं मिला। एक रॉकेट शनिवार को शहर से 60 किलोमीटर दूर बालेसर तहसील के इस्लामपुर गांव में और दूसरा शहर से 125 किलोमीटर दूर देचू तहसील के कनोडिय़ा महासिंह गांव में मिला। तीसरा रॉकेट भी जोधपुर के गांव में ही मिला लेकिन इसकी जानकारी वायुसेना ने नहीं दी। तीनों रॉकेट जीवित थे।