जोधपुर

दुकानदार को धमकी : हफ्ता दो और दुकान चलाओ, वरना गोली मारेंगे

- नेवरा रोड पर कपड़े व फैंसी दुकानदार को दो युवकों ने धमकाया, मामला दर्ज
less than 1 minute read
Jul 12, 2021
दुकानदार को धमकी : हफ्ता दो और दुकान चलाओ, वरना गोली मारेंगे
दुकानदार को धमकी : हफ्ता दो और दुकान चलाओ, वरना गोली मारेंगे

जोधपुर.
मथानिया थानान्तर्गत नेवरा रोड स्थित कपड़े व फैंसी दुकानदार को दो युवकों ने हफ्ता वसूली के डराया-धमकाया और 70 हजार रुपए देने पर ही दुकान चलाने की धमकियां दी। रुपए न देने पर गोली मारने व दुकान जलाने की धमकियां दी गईं।

पुलिस के अनुसार भाटेलाई पुरोहितान में मुंडसर निवासी हनुमान पुत्र नेमाराम जाट व उसके भाई ने नेवरा रोड पर कपड़े और फैंसी की दुकानें किराए पर ले रखी हैं। आरोप है कि गत छह जुलाई दोपहर दो बजे बोलेरो कैम्पर व कार में बिगमी निवासी देवाराम बाड़ेटा व नेवरा रोड निवासी पप्पुराम जाखड़ वहां आए। दोनों वाहनों से टायर बजाकर दुकानदार को डराने की कोशिश की गई। उन्होंने धमकियां दी कि दुकान चलानी है तो उन्हें हफ्ता देना होगा। ऐसा न करने पर दुकान नहीं खोलने देंगे। दुकान खोली तो दोनों भाइयों को गोली मारने की धमकियां देकर चले गए।
दो घंटे बाद दोनों ने बारी-बारी से दुकानदार को फोन कर पचास हजार व बीस हजार रुपए हफ्ता मांगा। वरना चौराहे पर खड़ा कर गोली मारने व दुकान जलाने की धमकियां दी। पुलिस ने वसूली के लिए डराने-धमकाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी डॉ गौतम डोटासरा का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। लेन-देन का विवाद भी हो सकता है। जांच के बाद स्पष्ट होगा। दोनों की तलाश की जा रही है।

Published on:
12 Jul 2021 01:53 am