जोधपुर

ग्राहक बन दुकानदार की चेन लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार

- एक खरीददार से लूट की सोने की चेन बरामद

less than 1 minute read
Aug 01, 2021
ग्राहक बन दुकानदार की चेन लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने सांगरिया में ग्राहक बन दुकानदार के गले से सोने की चेन लूटने के मामले में एक खरीददार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को लूट की चेन की बरामद की।
सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल ने बताया कि गत 10 अप्रेल की दोपहर 3.15 बजे सांगरिया निवासी किशनसिंह (62) मकान में बनी किराणा दुकान पर बैठा था। इतने में बाइक पर दो युवक आए। युवक दुकान में काउंटर के पास आया और सिगरेट खरीदकर वहीं पीने लगा। इतने में उस युवक ने दुकानदार के गले में झपट्टा मारा और सोने की डेढ़-दो तोला चेन लूट ली। फिर बाइक पर साथी के साथ बैठकर भाग गया।

दुकानदार व आस-पास के लोगों ने पीछा किया, लेकिन वे उसे पकड़ नहीं पाए थे। इस मामले में जोधपुर जेल में बंद मूलत: लवारी हाल अमरावती नगर निवासी संदीपसिंह उर्फ संदीप पुत्र भंवरसिंह और पाल लिंक रोड पर राजीव गांधी कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह पुत्र सुमेरसिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। थानाधिकारी अमित सिहाग के नेतृत्व में दोनों से पूछताछ करने पर लूट की चेन राजीव गांधी कॉलोनी निवासी मुकेश माहेश्वरी को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने मुकेश पुत्र कन्हैयालाल माहेश्वरी को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर सोने की चेन बरामद की गई। कार्रवाई में एएसआइ पेमाराम, मनफूलराम, हड़मानाराम, कांस्टेबल पप्पुराम, चैनाराम व दूदाराम शामिल थे।

Published on:
01 Aug 2021 12:53 am
Also Read
View All