जोधपुर

दो भाई सहित तीन गिरफ्तार, लूट के 7 लाख व एसयूवी जब्त

- बीड़ी सप्लायर पर हमला कर लूटपाट का मामला- राशि एकत्रित करते देख रची थी लूट, सीसीटीवी फुटेज व काली एसयूवी से आए पकड़ में
less than 1 minute read
Apr 25, 2021
दो भाई सहित तीन गिरफ्तार, लूट के 7 लाख व एसयूवी जब्त
दो भाई सहित तीन गिरफ्तार, लूट के 7 लाख व एसयूवी जब्त

जोधपुर.
जिले की बिलाड़ा थाना पुलिस ने बेरा घाटीवाला के पास चार पहिया लोडिंग टैक्सी में सवार बीड़ी सप्लायरों पर हमला कर 7.10 लाख रुपए लूटने के मामले का 24 घंटे में पर्दाफाश कर शनिवार को दो भाई सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया। लूट के 7 लाख रुपए, एसयूवी व बुलेट बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल ने बताया कि बोयल निवासी अशोक, प्रदीप व कैलाश पर हमला कर 7.10 लाख रुपए 9440 रुपए का एक चेक लूटने के मामले का खुलासा कर लिया गया है। लाम्बा निवासी सांवरलाल (21) पुत्र मांगीलाल बिश्नोई, उसके भाई सुनील (25) और बाण गंगा के पास निवासी रवि (21) पुत्र राजूराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। इनसे लूट की राशि, एसयूवी व बुलेट बरामद की गई है। वारदात में एक-दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों को पकडऩे में एसआई केसाराम, गिरधारीराम पंवार, कांस्टेबल भरत पूनिया, मघराज व सुरेश पूनिया की सक्रिय भूमिका रही।
रुपए एकत्रित करते देखा तो रची थी साजिश
वृत्ताधिकारी (बिलाड़ा) आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि अशोक अपने दो साथियों के साथ सोजत रोड की कम्पनी की गाड़ी में बीड़ी सप्लाई करने बिलाड़ा आया था, जहां से वो हर्ष गांव होकर निकल रहे थे। कस्बे में सप्लाई के दौरान आरोपियों ने लाखों रुपए एकत्रित करते देख लिया था। तब उन्होंने लूट की साजिश रची थी। वे लोडिंग टैक्सी के पीछे गए थे और सुनसान जगह हमला कर लूट की थी। कस्बे के सीसीटीवी फुटेज व काली एसयूवी के आधार पर तलाश की गई तो लुटेरों की पहचान कर ली गई। अलग-अलग जगहों पर दबिशें देकर तीनों को पकड़ लिया गया।

Published on:
25 Apr 2021 05:24 pm