
जोधपुर। जिले के राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत चौखा गांव के नयापुरा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब से पानी भरने के दौरान रविवार को तीन किशोरी डूब गई। डूबने से तीनों को मौत हो गई। मृतकों में दो बुआ भतीजी व एक रिश्ते में बहन थी। इससे पहले मृतका के दूर के नाबालिग रिश्तेदार ने घर के कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर नागरिक सुरक्षा दस्ते ने करीब आधा घंटे में तीनों के शव बाहर निकला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
थानाधिकारी बलराजसिंह मान के अनुसार नयापुरा में भील बस्ती निवासी मनीषा (15) पुत्री बाबूलाल भील, निर्जला (15) पुत्री भारती भील व पायल (17) पुत्री जुगताराम भील की नयापुरा में छोटे से तालाब में जमा बरसाती पानी में डूबने से मौत हो गई। नागरिक सुरक्षा दस्ते के गोताखोरों ने तीनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भेजे गए हैं, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजन सौंपे जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि तीनों किशोरी सुबह करीब ग्यारह बजे शौच के लिए निकली थी। वे बस्ती के बाहर तलैया से पानी भरने लगी। इतने एक किशोरी का पैर फिसल गया और तलैया में डूबने लेगी। पीछे दूसरी बालिका भी पानी में गिर गई। दोनों को डूबते देख तीसरी किशोरी ने उनको बचाने के लिए पानी में कूद गई। लेकिन वो भी डूब गई। आसपास के लोगों ने देखा तो बस्ती वालों को सूचना दी।फिर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया। तीनों के शवों को बाहर निकला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवाया।
शव निकालने के बाद सामने आई किशोर की आत्महत्या
तीनों किशोरी के शव बाहर निकालने के बाद पुलिस को भील बस्ती में पन्द्रह वर्षीय राकेश भील के आत्महत्या करने का पता लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक घर व समाज वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने अंतिम संस्कार रूकवाकर शव मोर्चरी भिजवाया है। पुलिस का कहना है राकेश ने शनिवार देर रात आत्महत्या की है। रविवार सुबह घरवालों को जानकारी मिली।