जोधपुर

1.89 करोड़ रुपए में बना तीन मंजिला हाईटेक थाना

- मुख्यमंत्री ने पुलिस स्टेशन नागौरी गेट की नवनिर्मित इमारत का वर्चुअली लोकार्पण किया- कमिश्नरेट में लिफ्ट की सुविधा वाला पहला पुलिस स्टेशन
less than 1 minute read
Jun 07, 2021
1.89 करोड़ रुपए में बना तीन मंजिला हाईटेक थाना
1.89 करोड़ रुपए में बना तीन मंजिला हाईटेक थाना

जोधपुर.
पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर में पुलिस स्टेशन नागौरी गेट रविवार को तीन मंजिला हाईटेक इमारत में शुरू हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शाम को वर्चुअली कार्यक्रम में इमारत का लोकार्पण किया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि 27 अक्टूबर 2013 को पुलिस स्टेशन नागौरी गेट शुरू किया गया था। सरकारी भवन के अभाव में किराए के भवन में थाना संचालित हो रहा था। नगर निगम ने अक्टूबर 2015 में थाने के लिए बागर चौक के पीछे 707.64 वर्ग गज जमीन आवंटित की थी। राज्य सरकार ने अक्टूबर 2017 में इमारत के लिए वित्तीय बजट स्वीकृति दी थी। 11 अक्टूबर 2018 को राजस्थान पुलिस हाउसिंग एण्ड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन ने निर्माण कार्य शुरू किया था। जो 20 अगस्त 2020 को पूर्ण हो गया। तीन मंजिला भवन निर्माण में 1.89 करोड़ 15 हजार रुपए की लागत आई।
लॉक डाउन व कोरोना गाइड लाइन की वजह से गत वर्ष भवन का लोकार्पण नहीं हो पाया था। एेसे में अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्चुअली कार्यक्रम में थाने की इमारत का उद्घाटन किया। वर्चुअली कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर जोस मोहन, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

शाम को पुलिस कमिश्नर जोस मोहन नवनिर्मित थाने पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विधायक मनीषा पंवार, महापौर कुंती देवड़ा, कांग्रेस नेता राजेन्द्रसिंह सोलंकी भी थाने आए और इमारत का निरीक्षण किया।
इमारत की विशेषताएं

तीन मंजिला नवनिर्मित थाने में महिला डेस्क, स्वागत कक्ष, मीटिंग हॉल, डायनिंग हॉल के साथ-साथ शौचालय व अन्य कमरे भी हैं। तीन मंजिला इमारत होने से थाने में पहली बार लिफ्ट भी लगाई गई है।
पर्यटन थाने का विधिवत उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने पुराने हाईकोर्ट रोड पर पर्यटन विभाग के परिसर में कमिश्नरेट के पुलिस स्टेशन पर्यटन का भी वर्चुअली विधिवत उद्घाटन किया। वहीं, पुलिस स्टेशन उदयमंदिर, महामंदिर व मण्डोर थाने के स्वागत कक्षों का भी लोकार्पण किया गया।

Updated on:
07 Jun 2021 02:57 am
Published on:
07 Jun 2021 02:57 am