
जोधपुर. सुनने में भले ही यह कुछ अटपटा लगे लेकिन जोधपुर में एक स्थान पर टमाटर की जमकर लूट हुई। एक तरफ टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं, घरों में टमाटर का उपयोग कम कर दिया है, वहीं सोमवार को जोधपुर में टमाटर की लूट का एक समाचार सामने आया।
वाकया इस प्रकार है कि बनाड़ थाना क्षेत्र में सोडेऱ रोड पर रविवार देर रात ट्रक पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरे टमाटर सडक़ किनारे बिखर गए। ग्रामीणों को सोमवार सुबह हादसे का पता चला तो टमाटर ले जाने की होड़ मच गई। जिसको जैसा मौका मिला, वह टमाटर लूटने से पीछे नहीं रहा। देखते-देखते काफी संख्या में लोग टमाटर लूटने में लग गए। लोग कट्टे व बोरियों में और बच्चे स्कूल बैग में टमाटर भरकर ले गए। ग्रामीणों के अनुसार इस मोड़ पर वाहन पलटने के हादसे होते रहते हैं। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक ट्रक छोडकऱ चला गया। पुलिस नम्बर के आधार पर ट्रक मालिक व ड्राइवर की पहचान का प्रयास कर रही है।