
Traffic Police: जोधपुर. हर स्थान पर ऑनलाइन या डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता के दौर में यातायात पुलिस भी हाईटेक हो गई है। अब नियमों के उल्लंघन पर कटने वाले चालान की जुर्मान राशि जमा करवाने के लिए लोगों को कतारों और कागजी औपचारिकताओं में समय खराब नहीं करना पड़ता। पुलिस मौके पर ही पीओएस मशीन से चालान कम्पाउंड करने लगी है। जुर्माना राशि भी सीधी सरकारी खाते में जमा हो रही है। इस साल अब तक हुए चालानों में से 60 फीसदी से ज्यादा मौके पर ही ई-डिवाइस मशीन से निस्तारित हुए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट के 102 यातायात पाॅइंट पर नियमों की पालना करवाने के लिए यातायात पुलिस के पुलिस-कर्मचारी तैनात रहते हैं। इनमें से 60 से अधिक ट्रैफिक आइओ के पास ई-डिवाइस यानी पीओएस मशीने हैं। एमवी एक्ट में चालान बनने पर तुरंत ई-डिवाइस मशीन से जुर्माना अदा किया जा सकता है। इस साल 7 जून तक 82888 चालान में से 53770 ई-डिवाइस से कम्पाउण्ड किए गए। हालांकि चालान बनने पर कोर्ट अथवा कंट्रोल रूम में मैन्युअली जुर्माना राशि जमा करवाने की व्यवस्था अब भी चालू है।
पहले लगती थी कतारें
ई-डिवाइस मशीनों के इस्तेमाल से पहले कुछ वर्ष पहले तक यातायात पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशमन खिड़की पर चालान जमा कराने वालों की लम्बी-लम्बी कतारें लगती थी। गर्मी, सर्दी, बारिश में आमजन को चालान जमा कराने के लिए खिड़की पर लंबा इंतजार करना पड़ता था। ई-डिवाइस से चालान कम्पाउण्ड होने सबसे अधिक फायदा बाहर से आने वाले वाहन चालकों को होने लगा है। पहले ऐसे वाहन चालकों का चालान बनने पर कम्पाउण्ड कराने में कुछ दिन भी लग जाते थे। तब तक चालान के साथ जमा करवाए गए लाइसेंस या आरसी या बीमा दस्तावेज वापस नहीं मिल पाते थे।
वर्ष 2022 में अब तक चालान
एमवी एक्ट---------------60 पुलिस एक्ट----------व्हील लॉक---------------पीयूसी
95428--------------------210-----------------------00------------------------309
चालान प्रशमन (कम्पाउण्ड)
चालान प्रशमन------------------------------जमा राशि (रु)
82888---------------------------------------2,61,83,200
ई-डिवाइस चालान प्रशमन
कुल चालान----------------------------जमा राशि (रु)
53770----------------------------------1,39,39200
(आंकड़े 7 जून 2022 तक के यातायात पुलिस के रिकॉर्ड से)