
जोधपुर।
मथानिया थाना पुलिस ने कस्बे में बाइपास पर भोजनालय के पास खड़े ट्रेलर चोरी करने के मामले में ट्रेलर मालिक व एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर ट्रेलर बरामद किया। ट्रक मालिक ने 38 लाख रुपए का बीमा क्लेम हासिल करने के लिए दो अन्य लोगों के साथ मिलकर ट्रक चोरी करने की साजिश रची थी।
थानाधिकारी राजीव भादू ने बताया कि रायमलवाड़ा गांव में कड़वासरों की ढाणी निवासी श्रवणराम जाट ने गत 23 जुलाई को अपना ट्रेलर चोरी होने की एफआइआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसने 14 जुलाई को मथानिया बाइपास पर एक भोजनालय के पास ट्रेलर खड़ा किया था और फिर गांव चला गया था। 17 जुलाई की रात किसी ने ट्रेलर चुरा लिया था। दूसरे दिन उसे ट्रेलर चोरी का पता लगा था। चोरी का मामला दर्ज करने के बाद जांच की गई। विभिन्न पहलूओं से ट्रेलर व चोरों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान ट्रेलर मालिक पर संदेह होने लगा। उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गईं। तत्पश्चात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर वह खुद की आरोपी निकला।
श्रवणराम ने श्यामलाल व भूराराम के साथ मिलकर ट्रेलर चोरी करने के बाद 38 लाख रुपए बीमा क्लेम लेने की साजिश रची थी। इसी के तहत 17 जुलाई की रात तीनों आरोपी श्यामलाल की कार में बाइपास पर खड़े ट्रेलर के पास पहुंचे थे, जहां से ट्रेलर ले गए थे और फिर उसे चोरी होना बताकर एफआइआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने ट्रेलर बरामद कर शिकायतकर्ता व ट्रेलर मालिक रायमलवाड़ा में कड़वासरों की ढाणी निवासी श्रवणराम (32) पुत्र निंबाराम जाट व विनायकपुरा भवाद निवासी श्यामलाल (43) पुत्र भींयाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। भूराराम का पता नहीं लग पाया है।