
जोधपुर. जैसलमेर स्थित पोकरण फायरिंग रेंज में धनुष तोप पर लगने वाली गन एटीएजीएस (एडवांस टॉ आर्टिलरी गन सिस्टम ) का ट्रायल किया जा रहा है। ट्रायल में पास होने के बाद यह पूरे विश्व की बेहतर गन साबित होगी। इस गन की मारक क्षमता 40 किलोमीटर से अधिक है। ट्रायल के दौरान एटीएजीएस ने 47.2 किलोमीटर दूर गोला फैंका था जो पूरे विश्व में किसी आर्टिलरी गन की मारक क्षमता से अधिक है।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने निजी क्षेत्र की दो कम्पनियों के साथ मिलकर एटीएजीएस का निर्माण किया है। पहली बार यह गन 2017 में सामने आई। यह 155/52 केलीबर की 18 टन वजनी आर्टिलरी गन है जो एडवांस फीचर के साथ तीन मिनट में 15 राउण्ड फायर कर सकती है। इसे धनुष व बोफोर्स तोप के साथ लगाया जा सकता है। धनुष तोप को हाल ही में सेना में शामिल किया गया है। पीएसक्यूआर (प्रीलिमीनेरी स्पेसिफिकेशन क्वालेटिव रिक्वायरमेंट) को हरी झण्डी मिलने के बाद इसका वृहद स्तर पर उत्पादन किया जाएगा। संभवत: जुलाई में पीएसक्यूआर मिल जाएगा।