
आर्थिक तंगी से परेशान दुकानदार गुलाब सागर में डूबा
जोधपुर.
आर्थिक तंगी से परेशान होकर परचून की दुकान संचालक ने गुलाब सागर में डूबकर जान दे दी। सदर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंपा।
थानाधिकारी हरीश सोलंकी ने बताया कि बम्बा मोहल्ला निवासी मुकेश अरोड़ा (47) पुत्र वेदप्रकाश खत्री की हाथीराम का ओडा क्षेत्र में परचून की दुकान है। वह गत पांच अक्टूबर को बिना बताए घर से निकला था। परिजन ने तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इस बीच, गुलाब सागर में उसका शव मिला। गोताखोरों ने शव बाहर निकाल पुलिस को सुपुर्द किया। बाद में शव की पहचान मुकेश अरोड़ा के रूप में हुई। परिजन भी वहां आए और शव की पहचान की। मृतक के परिचित नारायण खत्री की तरफ से मर्ग दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतक लम्बे समय से आर्थिक तंगी से परेशान चल रहा था। उसने ऋण ले रखा था। संभवत: इसी के चलते उसने आत्महत्या की होगी।