जोधपुर

पत्थरों से भरा ट्रक पलटा, एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत, तीन घायल

Jul 28, 2026
Rajasthan

- अजासर गांव के पास दर्दनाक हादसा, पत्थर की पट्टियों के नीचे दब गए दोनों

- ग्रामीणों ने हथौड़ों से तोड़कर हटाईं पट्टियां, आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाले शव

जैसलमेर. जिले के नाचना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्थर की पट्टियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक की केबिन के ऊपर सो रहे एक ही परिवार के दो भाइयों की पत्थर की भारी पट्टियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केबिन में बैठे तीन अन्य लोग घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे नाचना थाना क्षेत्र में अजासर गांव के निकट हुआ। पत्थर की पट्टियों से लदा ट्रक बालासर से नाचना की ओर जा रहा था। ट्रक में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। इसी दौरान बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर बने गड्ढों के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के समय ट्रक की केबिन के ऊपर सो रहे दो लोग पत्थर की भारी पट्टियों के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया। पत्थरों की भारी पट्टियों को हटाना आसान नहीं था, इसलिए ग्रामीणों ने हथौड़ों से उन्हें तोड़कर रास्ता बनाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने बताया कि हादसे में नाड़ी सगरा (देचू, फलोदी) निवासी लाखाराम (36) पुत्र धनाराम भील तथा अमराराम (37) पुत्र दुगाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं केबिन में बैठे मुकेश (35) पुत्र हरूराम, घेवरराम (38) और गणपत राम (44) घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए नाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। नाचना थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में स्टेयरिंग फेल होने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। हादसे के बाद मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

फोटो कैप्शन: जैसलमेर: नाचना क्षेत्र में हुए हादसे में पलटा ट्रक।

Updated on:
28 Jul 2026 06:00 am
Published on:
28 Jul 2026 06:00 am