21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

फलोदी में पहली बार चुनाव लड़े मेघराज कल्ला बने सभापति, परिवार से लिपटकर हुए भावुक; पूर्व चेयरमैन को मिला सिर्फ 1 वोट

फलोदी नगर परिषद में पहली बार चुनाव लड़ने वाले भाजपा के मेघराज कल्ला सभापति चुने गए। भाजपा को 20 पार्षदों और 6 निर्दलीयों का समर्थन मिला, जिससे कल्ला को 26 वोट मिले। कांग्रेस को 13 और पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास को सिर्फ 1 वोट मिला।
3 min read
Google source verification
phalodi meghraj kalla wins chairperson post

जीत का जश्न मनाते हुए (पत्रिका फोटो)

Phalodi Municipal Council Election Result: नगर परिषद फलोदी की सियासत में भाजपा ने बहुमत के साथ अपना बोर्ड बना लिया है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरे भाजपा के मेघराज कल्ला सभापति के चेहरे थे और उन्हीं की अगुवाई में भाजपा ने चुनाव लड़ा। कल्ला निर्वाचित घोषित होने के साथ ही भाजपा बोर्ड बनाने में सफल रही। नगर परिषद फलोदी के कुल 40 वार्ड में भाजपा को 20 और कांग्रेस को 13 सीटें हासिल हुई थीं।


भाजपा बोर्ड बनाने से महज एक सीट दूर थी और जीते हुए सात निर्दलीय पार्षदों में से छह निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भाजपा को मिला। इससे भाजपा ने कुल 26 वोट हासिल किए और कल्ला ने सभापति पद पर जीत दर्ज की। कांग्रेस की श्रीकांता व्यास को 13 वोट मिले, जबकि पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास को महज एक वोट मिला। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह छा गया। समर्थकों ने कल्ला को कंधों पर बैठाकर जीत का जश्न मनाया।

जीत के बाद भावुक हुए कल्ला, छलके खुशी के आंसू

सभापति निर्वाचित होने के बाद मेघराज कल्ला नगर परिषद कार्यालय से बाहर आए तो वहां मौजूद उनकी पत्नी व पार्षद ममता कल्ला और पुत्र उनसे लिपट गए। इस दौरान सभी भावुक हो गए और कल्ला की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने पत्नी ममता कल्ला, पुत्र और पुत्री को गले लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। पत्नी ममता कल्ला ने कहा कि उनका सभापति बनने का सपना पूरा हो गया है और वे शहर हित में कार्य करेंगे। वे जनता की सेवा के तौर पर अपनी सेवाएं एक सेवक की तरह देंगे। इस दौरान समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठाकर जश्न मनाया और बधाइयां दीं।

राजनीति के नए युग की शुरुआत

जीत के बाद राजनीति में सभापति बनने के साथ ही पहला कदम रखने वाले मेघराज कल्ला ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि फलोदी की जनता की जीत है। शहरवासियों ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह फलोदी की राजनीति में बदलाव के युग की शुरुआत है और यह शुरुआत शहर के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी। कल्ला ने कहा कि वे जनता के सेवक बनकर कार्य करेंगे और शहर की जनता को एक दृष्टि से देखते हुए सर्वहितार्थ कार्य करते हुए शहर के विकास को मजबूती देंगे।

मेघराज कल्ला ने कहा कि फलोदी के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसे कायम रखने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। शहर की सभी समस्याओं का समाधान करना और विकास के प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि फलोदी के किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर आने के लिए सिफारिश की जरूरत नहीं होगी। उनके दिल और दरवाजे सभी के लिए खुले रहेंगे। आमजन सीधे आकर अपनी बात रख सकेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

पूर्व सभापति को महज एक वोट

नगर परिषद के गत बोर्ड में सभापति रहे पन्नालाल व्यास ने इस बार वार्ड में हारने के बाद सभापति पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया, लेकिन उन्हें वार्ड पार्षदों का समर्थन नहीं मिला और वे महज एक वोट ही ला सके।

विकास कार्यों पर रहेंगी शहरवासियों की निगाहें

अब सभापति बनने के बाद मेघराज कल्ला के सामने शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी होगी। सड़क, सफाई, पेयजल, रोशनी सहित नागरिक समस्याओं के समाधान को लेकर शहरवासियों की उनसे अपेक्षाएं रहेंगी।

जीतने के बाद पद की शपथ ली

नगर परिषद में सभापति निर्वाचित होने के बाद मेघराज कल्ला को उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी ने सभापति पद की शपथ दिलाई।

पुलिस व प्रशासन का रहा पहरा

सभापति के चुनाव के दौरान पुलिस व प्रशासन का पहरा रहा। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह, वृत्ताधिकारी अचल सिंह देवड़ा, थानाधिकारी फलोदी नरेश, महिला थानाधिकारी रामेश्वरलाल सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

इसी तरह नगर परिषद के सभापति चुनाव के बाद मंगलवार को उपसभापति का चुनाव होगा। उपसभापति के लिए भाजपा व कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। मंगलवार को नामांकन और जरूरत होने पर मतदान की प्रक्रिया की जाएगी, जिसके बाद उपसभापति का चुनाव होगा। इसके साथ ही बोर्ड का पूरी तरह से गठन हो जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग