जोधपुर

दर्दनाक हादसा: कैम्पर ने ली सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल व युवक की जान

सूरसागर थानान्तर्गत नारवा गांव में निर्माणाधीन रिंग रोड पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आई कैम्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल और रिश्तेदार युवक की मौत हो गई।
less than 1 minute read
Mar 28, 2024
two died in road accident in jodhpur

जोधपुर। सूरसागर थानान्तर्गत नारवा गांव में निर्माणाधीन रिंग रोड पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आई कैम्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल और रिश्तेदार युवक की मौत हो गई।

एएसआइ सूरताराम ने बताया कि मथानिया निवासी हनुताराम (61) पुत्र पूनाराम मेघवाल सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल थे। वो पारिवारिक कार्य से बाइक लेकर गंढेरों की ढाणी गए थे, जहां से वो वापस गांव के लिए रवाना हुए। उनके साथ गांव के ही रिश्तेदार अनिल (24) पुत्र नरपत भाटी भी था। नारवा गांव के पास निर्माणाधीन रिंग रोड पर सामने से तेज रफ्तार से आई कैम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी।

इससे बाइक सवार दोनों व्यक्ति उछलकर सिर के बल सड़क पर गिरे। कैम्पर ने उन्हें कुचल दिया। आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के पुत्र किशनलाल ने कैम्पर चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा दोनों शव परिजन को सौंपे।

सड़क बनाने वाली कम्पनी की है कैम्पर
पुलिस का कहना है कि हादसा होते ही चालक कैम्पर को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कैम्पर व क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में ली है। कैम्पर रिंग रोड बनाने वाली कम्पनी की है। चालक की तलाश की जा रही है।

Published on:
28 Mar 2024 08:09 pm