जोधपुर

दो सौ किलो डोडा पोस्त, ५० ग्राम अफीम और १.८५ लाख रुपए व जब्त

-दो तस्कर कार में फरार
less than 1 minute read
Oct 21, 2018
two hundred kg poppy straw, 50 gm opium and 1.85 lakh cash siezed
दो सौ किलो डोडा पोस्त, ५० ग्राम अफीम और १.८५ लाख रुपए व जब्त

जोधपुर.
विधानसभा चुनाव से पहले अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत देचू और ओसियां क्षेत्र से पुलिस ने दो सौ किलो डोडा पोस्त, पचास ग्राम अफीम व १.८५ लाख रुपए जब्त किए।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत ने बताया कि आसरलाई निवासी मनोहरसिंह पुत्र सांगसिंह के ट्यूबवेल पर मादक पदार्थ की खेप लेकर आने सूचना थी। इस पर देचू थाना प्रभारी दीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आसरलाई निवासी मनोहरसिंह के ट्यूबवेल पर दबिश दी और सघन तलाशी के बाद छुपाकर रखा दो सौ किलो डोडा पोस्त बरामद कर सोलंकिया तला में बापू नगर निवासी मनोहरसिंह पुत्र जुगतसिंह को गिरफ्तार किया गया। उससे एक बोलेरो कैम्पर भी जब्त की गई। जबकि पुलिस कार्रवाई देख मादक पदार्थ लेकर आए निम्बों का गांव निवासी अर्जुनसिंह पुत्र गायड़ सिंह व आसरलाई निवासी मनोहर सिंह पुत्र सांग सिंह कार से फरार हो गए।

कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनोहर सिंह, पूनाराम, अमानाराम, कांस्टेबल सांवलराम, खींवाराम, जीवनराम, किशनाराम, मदनलाल व वीरेन्द्र भी शामिल थे।

नाकाबंदी में रोकी कार, अफीम व १.८५ लाख रुपए जब्त
उधर, वृत्ताधिकारी (ओसियां) दिनेश कुमार मीणा ने बावड़ी से कास्टी मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध नजर आ रही कार को रोककर तलाशी ली। बतौर चालक कपूरिया निवासी बुधाराम पुत्र खेताराम चौधरी से पचास ग्राम अफीम व १.८५ लाख रुपए बरामद हुए। राशि के संबंध में संतोषजनक जवाब न मिलने पर खेड़ापा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अफीम व राशि जब्त कर बुधाराम जाट को गिरफ्तार किया गया। एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया।

Published on:
21 Oct 2018 11:11 pm