जोधपुर

दिवाली पर दो किसानों के आशियाने जल गए

जोधपुर. दीपावली के दिन नौसर के पातावतों की ढाणी में आग से लाखों रुपए का नुकसान होते हुए देख परिवार सदमे में आ गया।    
2 min read
Nov 08, 2018
Two huts of farmers burn on Diwali in village
Two huts of farmers burn on Diwali in village

जोधपुर. जिले के नौसर में दीपावली के त्योहार की खुशी को धधकती आग ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डुबो दिया। बुधवार सुबह करीब 11 बजे किसान नरपतसिंह पातावत व उनके बेटे सवाईसिंह परिवार के सदस्य अपने खेत पर मूंगफली की फसल इकठ्ठी कर रहे थे और बच्चे अपनी दादी मां के पास घर पर ही थे। अचानक घर के बने पड़वे से आग निकलती देख नरपतसिंह व जगमालसिंह दौड़ कर आए और मदद के लिए चिल्लाए। धीरे-धीरे आग की लपटें तेज होती गईं और संयुक्त परिवार में बने पूरे आशियाने को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देख शेरसिंह, भवानीसिंह, रावलसिंह, प्रेमदास, गोविंदसिंह और गेनसिंह आदि पहुंचे और आग बुझाने की जुगत में लग गए। तभी रणजीतसिंह टैंकर लेकर पहुंचा और पानी उंडेल कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान के घर रखी कृषि उपज सहित सारा घरेलू सामान जल कर नष्ट हो गया।

जलती आग में से गैस टंकी बाहर निकाली
पूर्व सैनिक जगमालसिंह ने आग लगी देख कर रसोई घर में घुस कर बारदान में लिपटा गैस सिलेंडर बाहर ला पटका। वरना टंकी फटने से बड़ा हादसा हो सकता था।

परिवार सदमे में

परिवार का मुखिया नरपतसिंह व उनकी पत्नी इस घटना को देख कर बेहोश हो गए। आग पर काबू पा कर लोगों ने उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जा कर उसका इलाज करवाया।

घटना की सूचना मिलते ही लोहावट प्रधान भागीरथ बेनीवाल व सरपंच भैरूसिंह चाम्पावत सहित कई स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे और दोनो पीडि़त परिवारों को मदद दिलाने का आश्वासन दे कर आगजनी के शिकार परिजनों को ढाढस बंधाया। मतोड़ा थाना के एएसआई चुनीलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंच कर जायजा लिया।

ये हुआ नुकसान
दोनो परिवारों के मूंग, मोठ, कपास, बाजरा, तिलहन, गेंहू, चारपाई-बिस्तर और ग्वार आदि जिंस के अलावा करीब 92 हजार की नकदी मिला कर लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग के कारण घर के पिछवाड़े खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चपेट में आने से खाक हो गई। आग लगने के कारण का पता नही लग पाया।