जोधपुर

होमगार्ड की सतर्कता से पकड़े गए दो चोर

तीन दिन में लगाई थी 10 मकानों में सेंध
2 min read
Two thieves caught with vigilance of home guards
होमगार्ड की सतर्कता से पकड़े गए दो चोर

जोधपुर.

महामंदिर थानान्तर्गत मदरेणा कॉलोनी में मंगलवार देर रात सो रहे दंपति को कमरे में बंद कर चोरी करने वाले दो चोर होमगार्ड की सतर्कता से पकड़े गए।

पुलिस ने बुधवार को मकान मलिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर दोनों चोर को हिरासत में ले लिया। इन चोरों ने महज 3 दिन में करीब 10 मकान में सेंध लगा लाखों की नकदी व आभूषण चुरा लिए थे।

कृषि मंडी में होमगार्ड इंचार्ज राजूसिंह राजपुरोहित ने बताया कि मदरेणा कॉलोनी में गत तीन दिन में चोरी की 10 से ज्यादा वारदात होने के बाद होमगाड्र्स को मंडी के आस पास के क्षेत्रों में गश्त लगाने को कहा था।

एक होमगार्ड ने मंगलवार रात करीब 2 बजे मंडी में मुनीम, मदरेणा कॉलोनी में पुरोहितों का बास निवासी ओंकारसिंह राजपुरोहित (72) पुत्र नंदसिंह के मकान में दो चोरों को घूसते हुए देखा। उसने अन्य होमगाड्र्स को भी बुला लिया और और ओंकारसिंह को फोन कर मकान में चोर घुसने की जानकारी दी।

ओंकारसिंह ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन वह बाहर से बंद था। इसपर ओंकारसिंह ने पडोसियों को सूचना दी और सभी ने घेराबंदी कर अंदर घुसे चोरों को पकड़ लिया।

चोरों के पास से मकान से चुराए 50 हजार नकदी, सोने का मंगलसुत्र, कान के झुमके, पायजेब की जोडिय़ां, आठ चांदी के सिक्के व अन्य कीमती सामान मिला। लोगों ने दोनों चोरों को महामंदिर पुलिस के हवाले कर दिया।
हर जगह कमरे की कुंडी बाहर से बंद करते थे चोर

चोरों ने बताया कि उनका एक साथी बाइक पर उन्हें मकान के बाहर छोडकऱ चला जाता था। इसके बाद वे मकान के अंदर घुस कर घर में सो रहे लोगों के कमरों की बाहर से कुंडी देते थे। ताकि अगर कोई नींद से जाग भी जाए तो उन्हें पकड़ न सकें। इस दौरान उन्हें भागने के लिए समय मिल जाए। चोरी के बाद वे अपने तीसरे साथी को बुलाकर बाइक पर फरार हो जाते थे।

Updated on:
18 Oct 2018 01:48 am
Published on:
18 Oct 2018 01:48 am